तेल के दाम में आई भारी गिरावट के साथ-साथ वैश्विक बाजार में गिरावट के बाद भारत के सबसे अमीर मुकेश अंबानी की दौलत सोमवार को 5.8 अरब डॉलर घट गई, जिसके बाद वह एशिया के सबसे ज्यादा दौलतमंद लोगों की फेहरिस्त में दूसरे पायदान पर आ गए हैं।

इस फेहरिस्त में शीर्ष पर चीन के जैक मा आ गए हैं। मतलब, जैक मा अब एशिया के सबसे बड़े धनकुबेर बन गए हैं, जिनकी दौलत 44.5 अरब डॉलर है, जोकि मुकेश अंबानी की दौलत से 2.6 अरब डॉलर से अधिक है।

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, चीनी उद्योगपति जैक मा 44.5 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ एशिया के सबसे बड़े धनकुबेर बन गए हैं, जबकि भारत के मुकेश अंबानी दूसरे स्थान पर आ गए हैं।

बता दें कि तेल की कीमतों को लेकर सउदी अरब और रूस के बीच छिड़ी जंग के कारण सोमवार को अंतरार्ष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में 1991 के बाद सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई। अंतरार्ष्ट्रीय बाजार में इससे आई गिरावट के कारण सोमवार को रिलायंस के शेयर में 12 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई, जोकि 2००9 के बाद सबसे बड़ी गिरावट है।

  • Website Designing