भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए एक प्रस्ताव पारित किया गया। इसमें कोविड महामारी से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए उनके कुशल नेतृत्व की सराहना की गई है।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह ने नई दिल्ली में आयोजित इस बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रस्ताव में प्रधानमंत्री को कृषि क्षेत्र में किए गए सुधारों और किसानों की आमदनी बढ़ाने के उनके प्रयासों के लिए भी सराहा गया है।

डॉ. सिंह ने कहा कि बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुदुच्चेरी में होने जा रहे विधानसभा चुनाव पर भी बैठक में चर्चा हुई। पार्टी के पदाधिकारियों ने पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा की जीत का भरोसा जताया है। डॉक्टर सिंह ने कहा कि तमिलनाडु और केरल में पार्टी संगठन को सशक्त बनाया गया है तथा पुदुच्चेरी में पार्टी एक मजबूत विकल्प बन कर उभरी है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि किसानों का विरोध प्रदर्शन राजनीति से प्रेरित है। हकीकत में देश का किसान नए कृषि कानूनों से खुश हैं। उन्होंने कहा कि इनका देश के सभी हिस्सों में स्वागत किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान आंदोलन को जारी रखने के पीछे कांग्रेस और वामपंथी दलों की गहरी साजिश है।

  • Website Designing