नागपुर, 23 जुलाई। भारतीय मजदूर संघ (BMS) को स्थापना दिवस के दिन वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) में झटका लगा है। बीएमएस से सम्बद्ध अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ (ABKMS) से जुड़े बड़े नेता कमलाकर मारोतराव पोटे ने अपने समर्थकों के साथ एचएमएस (HMS) में प्रवेश कर लिया।
बुधवार को नागपुर के वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड मुख्यालय परिसर स्थित एचएमएस से सम्बद्ध कोयला श्रमिक सभा के कार्यालय मेंं यह प्रवेश कार्यक्रम हुआ। कमलाकर मारोतराव पोटे को समर्थकों के साथ एचएमएस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं कोयला श्रमिक सभा के केन्द्रीय अध्यक्ष शिवकुमार यादव ने सदस्यता दिलाई।
कमलाकर मारोतराव पोटे 33 वर्षों से बीएमएस एवं सम्बद्ध अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ से जुड़े हुए थे। पोटे डब्ल्यूसीएल कल्याण बोर्ड के सदस्य भी रह चुके हैं। वे बीएमएस और एबीकेएमएस के स्थानीय नेताओं की कार्यप्रणाली से नाराज चल रहे थे।

शिवकुमार यादव ने कहा कि कमलाकर पोटे जैसे अनुभवी व्यक्ति के कोयला श्रमिक सभा में प्रवेश करने से निश्चित ही एचएमएस संगठन को और भी बल मिलेगा एवं मज़दूर हित में किये जा रहे कार्यों में गति मिलेगी।
शिवकुमार ने कहा कि एचएमएस संगठन एक पूर्णतः ग़ैर राजनीतिक श्रम संगठन है और हर वह व्यक्ति जो निःस्वार्थ रूप से मज़दूर हित में कार्य करना चाहता है उसका कोयला श्रमिक सभा में स्वागत है।
यहां बताना होगा कि डब्ल्यूसीएल में श्रमिक संगठन सदस्यता सत्यापन 18 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। बीते चार वर्षों से एचएमएस नम्बर एक पर बना हुआ है। सदस्यता सत्यापन में एचएमएस एवं बीएमएस के बीच मुकाबला रहता है।









