पटना, 15 जून। केन्द्रीय कोयला राज्यमंत्री सतीश चन्द्र दुबे ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भेंट कर राज्य में कोयला, खनन, ऊर्जा एवं औद्योगिक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर कोयला मंत्रालय, कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) एवं बिहार सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर समुचित जानकारी भी प्राप्त की गई।
केन्द्रीय कोयला राज्यमंत्री सतीश चन्द्र दुबे ने कहा कि बिहार केवल ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि खनिज एवं प्राकृतिक संसाधनों की दृष्टि से भी देश के सर्वाधिक उदीयमान राज्यों में से एक है। राज्य में उपलब्ध लगभग 9 अरब टन कोयला भंडार, कोयला गैसीकरण की अपार संभावनाएँ तथा पश्चिमी चंपारण सहित विभिन्न क्षेत्रों में सौर ऊर्जा परियोजनाओं के माध्यम से बिहार को ऊर्जा एवं औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनाया जा सकता है।
श्री दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बिहार को उसके गौरवशाली औद्योगिक और खनिज स्वरूप में पुनर्स्थापित करने के लिए संकल्पित है। इसी उद्देश्य से भागलपुर क्षेत्र के कोयला ब्लॉकों के विकास, कोयला गैसीकरण परियोजनाओं को प्रोत्साहन तथा पश्चिमी चंपारण में प्रस्तावित 500 मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजना जैसे विषयों पर राज्य सरकार के सहयोग एवं समन्वय का आग्रह किया गया है।
इन पहलों से हजारों करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित होगा, बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे तथा बिहार की ऊर्जा आत्मनिर्भरता को नई मजबूती मिलेगी। डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से बिहार को विकास, निवेश और रोजगार के नए युग में प्रवेश कराने का हमारा संकल्प और भी सशक्त होगा।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join









