नई दिल्ली। भारतीय मजदूर संघ (BMS) से संबद्ध नेशनल ऑर्गेनाइजेशन ऑफ बैंक वर्कर्स (NOBW) और नेशनल ऑर्गेनाइजेशन ऑफ बैंक ऑफिसर्स (NOBO) के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर बैंक कर्मचारियों, अधिकारियों और पेंशनर्स से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गिरीश चंद्र आर्य (प्रभारी, वित्तीय क्षेत्र–BMS) ने किया। बैठक में बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर ज्ञापन सौंपा गया।
बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने सभी शनिवार को बैंक अवकाश (5-Day Banking) लागू करने की मांग प्रमुखता से उठाई। प्रतिनिधियों ने कहा कि भारतीय बैंक संघ (IBA) और यूनियनों के बीच इस विषय पर सहमति बनने के बावजूद सरकारी अधिसूचना लंबित है। इस पर वित्त मंत्री ने बताया कि प्रक्रिया आगे बढ़ रही है और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने 13वें द्विपक्षीय वेतन समझौते (13th Bipartite Settlement/10th Joint Note) की प्रक्रिया समय पर शुरू करने की भी मांग की। दस्तावेज़ के अनुसार वित्त मंत्री ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के प्रमुखों को अगले वेतन संशोधन की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं, ताकि वर्तमान समझौते की अवधि समाप्त होने से पहले नया वेतन समझौता लागू किया जा सके।
बैठक में बैंक कर्मचारियों की ट्रांसफर नीति पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि कुछ बैंकों में स्थानांतरण नीति पारदर्शी नहीं है तथा कुछ यूनियनों को अनुचित संरक्षण मिलने से अन्य यूनियनों के सदस्यों के साथ भेदभाव हो रहा है। इस पर वित्त मंत्री ने ट्रांसफर नीति की समीक्षा करने तथा पारदर्शिता, समानता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। दस्तावेज़ के अनुसार उन्होंने सभी ट्रेड यूनियनों को औद्योगिक संबंध (IR) बैठकों में शामिल करने और नियमित बैठक कैलेंडर जारी करने पर भी जोर दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने बैंक पेंशनर्स से जुड़े कई मुद्दे भी उठाए, जिनमें RBI के अनुरूप पेंशन अपडेटेशन, एक्स-ग्रेशिया राशि की समीक्षा, बैंकों के खर्च पर स्वास्थ्य बीमा, महंगाई राहत (DA) में असमानता समाप्त करना, शेष सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अंतिम पेंशन विकल्प तथा त्यागपत्र देने वाले कर्मचारियों को पूर्व प्रभाव (Retrospective Effect) से पेंशन लाभ देने की मांग शामिल थी। दस्तावेज़ के अनुसार वित्त मंत्री ने इन सभी विषयों पर सकारात्मक विचार करने का भरोसा दिया।
बैठक के बाद NOBW और NOBO ने वित्त मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कर्मचारियों और पेंशनर्स की समस्याओं पर सकारात्मक संवाद हुआ है तथा उन्हें उम्मीद है कि इन मुद्दों पर शीघ्र निर्णय लिए जाएंगे। वहीं, प्रतिनिधिमंडल ने BMS के वित्तीय क्षेत्र प्रभारी गिरीश चंद्र आर्य की भी सराहना की, जिन्होंने इन मुद्दों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join
IndustrialPunch | The Voice of Industry & Workforce









