नई दिल्ली | IndustrialPunch : केंद्र सरकार ने सेवानिवृत्त होने वाले केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी सुविधा देते हुए CGHS (Central Government Health Scheme) के ऑनलाइन सिस्टम को ‘Bhavishya’ पोर्टल के साथ एकीकृत (Integration) कर दिया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने 17 जुलाई 2026 को इस संबंध में कार्यालय ज्ञापन (Office Memorandum) जारी किया।
नई व्यवस्था का उद्देश्य CGHS पेंशनर कार्ड जारी करने की प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल, पेपरलेस और तेज बनाना है, ताकि कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के तुरंत बाद स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
क्या बदलेगा?
नई एकीकृत प्रणाली के तहत Bhavishya Portal पर उपलब्ध स्वीकृत पेंशन संबंधी विवरण स्वतः CGHS आवेदन में भर जाएंगे। इसके अलावा PAN को यूनिक पहचान के रूप में उपयोग किया जाएगा, जिससे दोनों पोर्टलों के बीच रियल-टाइम डेटा सत्यापन और आदान-प्रदान संभव होगा।
कार्यालय प्रमुख (Head of Office) द्वारा पेंशन प्रपत्रों के सत्यापन, PPO (Pension Payment Order) जारी होने और BharatKosh के माध्यम से निर्धारित CGHS अंशदान जमा होने के बाद CGHS Pensioner Card स्वतः तैयार हो जाएगा।
पेंशनर अपना CGHS कार्ड CGHS Portal और Bhavishya Portal, दोनों से डाउनलोड कर सकेंगे।
प्रक्रिया होगी तेज और पारदर्शी
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस एकीकरण से प्रक्रियागत देरी कम होगी, मैनुअल हस्तक्षेप और दस्तावेजों की आवश्यकता घटेगी, डाटा की दोहराव वाली एंट्री समाप्त होगी तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बिना अनावश्यक विलंब के CGHS स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यह सुविधा अतिरिक्त विकल्प के रूप में शुरू की गई है। मौजूदा CGHS Online Portal के माध्यम से आवेदन की व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी और कर्मचारी अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी माध्यम का उपयोग कर सकेंगे।
सभी मंत्रालयों और विभागों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने अधीन सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को इस नई डिजिटल सुविधा की जानकारी दें, ताकि इसका अधिकतम लाभ उठाया जा सके।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join
IndustrialPunch | The Voice of Industry & Workforce








