Tuesday, September 15, 2026
Home Industrial (हिंदी) एम्प्लोयी एवं यूनियन NCL : लाभांश पर यूनियनों का दबाव तेज, दीपावली से पहले भुगतान...

NCL : लाभांश पर यूनियनों का दबाव तेज, दीपावली से पहले भुगतान की मांग

NCL में FY 2025-26 की लाभांश/प्रोत्साहन राशि में देरी पर संयुक्त मोर्चा ने प्रबंधन से तत्काल घोषणा और दशहरा-दीपावली से पहले भुगतान की मांग की।

Advertisement

सिंगरौली। IndustrialPunch : नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लाभांश/प्रोत्साहन भुगतान में हो रही देरी को लेकर संयुक्त मोर्चा ने प्रबंधन के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की है। एटक, बीएमएस, आरसीएसएस एवं एचएमएस से जुड़े संयुक्त मोर्चा ने एनसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक को पत्र भेजकर लाभांश/प्रोत्साहन राशि की घोषणा एवं भुगतान की प्रक्रिया तत्काल पूरी करने की मांग की है।

5 सितंबर, 2026 को जारी पत्र में संयुक्त मोर्चा ने कहा है कि एनसीएल के सभी श्रमिकों एवं कर्मचारियों की ओर से कंपनी की उपलब्धियों में उनके योगदान को देखते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 की लाभांश/प्रोत्साहन राशि की घोषणा एवं भुगतान में देरी चिंता का विषय है।

उत्पादन बढ़ाने में कर्मचारियों के योगदान का दिया हवाला

संयुक्त मोर्चा ने पत्र में कहा कि प्रतिकूल परिस्थितियों, मौसम की चुनौतियों और कठिन कार्य परिस्थितियों के बावजूद एनसीएल के कर्मियों ने उत्पादन एवं उत्पादकता को प्रभावित नहीं होने दिया। कंपनी द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति में कर्मचारियों के प्रयास और योगदान महत्वपूर्ण रहे हैं।

Advertisement

मोर्चा ने कहा कि कर्मचारियों के कठिन परिश्रम को समयबद्ध तरीके से प्रोत्साहन देना आवश्यक है, ताकि उनमें आगे भी ऊर्जा, उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की भावना बनी रहे।

पिछले वर्षों की परंपरा का हवाला

पत्र में उल्लेख किया गया है कि पूर्व के वर्षों में लाभांश/प्रोत्साहन राशि की घोषणा मई माह में श्रमिक अभिनंदन दिवस के अवसर पर किए जाने की परंपरा रही है। लेकिन वित्तीय वर्ष 2025-26 की राशि की घोषणा अब तक नहीं होने से कर्मचारियों के बीच जिज्ञासा और असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

संयुक्त मोर्चा ने यह भी कहा कि देश में दशहरा और दीपावली जैसे महत्वपूर्ण पर्व नजदीक हैं। ऐसे समय में यदि कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाता है तो इससे कर्मचारियों और उनके परिवारों में सकारात्मक माहौल बनेगा।

2026-27 के उत्पादन लक्ष्य में भी मिलेगा प्रोत्साहन

मोर्चा ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में भी एनसीएल उत्पादन एवं उत्पादकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। ऐसे में कर्मचारियों की मेहनत का सम्मान करते हुए उन्हें प्रोत्साहन देना आगामी महीनों में और अधिक ऊर्जा एवं समर्पण के साथ काम करने के लिए प्रेरित करेगा।

पत्र में यह भी बताया गया कि 2 अगस्त को कंपनी स्तरीय संयुक्त सलाहकार परिषद समिति की बैठक में सभी संगठनों ने इस विषय को गंभीरता से प्रबंधन के समक्ष रखा था, लेकिन अभी तक कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई है।

दशहरा-दीपावली से पहले भुगतान की मांग

संयुक्त मोर्चा ने एनसीएल प्रबंधन से मांग की है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 की लाभांश/प्रोत्साहन राशि की घोषणा अविलंब की जाए और भुगतान के लिए समयबद्ध कार्यक्रम निर्धारित किया जाए।

यूनियनों ने विशेष रूप से आग्रह किया है कि दशहरा/दीपावली जैसे महत्वपूर्ण पर्वों से पहले कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि कर्मचारी एवं उनके परिवार इस राशि का उपयोग कर सकें।

संयुक्त मोर्चा ने विश्वास जताया कि प्रबंधन कर्मचारियों की भावनाओं और उनके कठिन परिश्रम को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक एवं त्वरित निर्णय लेगा। यूनियनों का कहना है कि इससे कर्मचारियों में प्रबंधन के प्रति विश्वास और मजबूत होगा तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 के उत्पादन एवं उत्पादकता लक्ष्यों को हासिल करने में भी सकारात्मक ऊर्जा मिलेगी।

  • Join the IndustrialPunch WhatsApp Group:Click here
  • industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join
Advertisement
कोल इंडिया की 10 मेगा माइंस ने Q1 में बनाया रिकॉर्ड, SECL, NCL और MCL की खदानों का दबदबा भारत के सर्वाधिक कोयला भंडार वाले सात राज्यों के बारे में जानें: वित्तीय वर्ष 2025- 26 : कोल इंडिया लिमिटेड की टॉप- 10 खदान कोल इंडिया ने डिस्पैच का टारगेट भी किया कम, देखें 2026- 27 का कंपनीवार नया लक्ष्य कोल इंडिया ने घटाया लक्ष्य, देखें 2026- 27 का कंपनीवार नया टारगेट