Monday, September 14, 2026
Home Industrial (हिंदी) एम्प्लोयी एवं यूनियन बैंक यूनियन का ऐलान : अब 28 से 30 सितंबर तक तीन...

बैंक यूनियन का ऐलान : अब 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल

11 सितंबर की बैंक हड़ताल को सफल बताते हुए UFBU ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल और 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है।

Advertisement

नई दिल्ली। IndustrialPunch : 11 सितंबर, 2026 को आयोजित देशव्यापी बैंक हड़ताल को बैंक यूनियनों ने सफल बताते हुए आंदोलन को आगे भी जारी रखने का ऐलान किया है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने अपने परिपत्र में कहा है कि देशभर की शाखाओं और बैंकिंग केंद्रों में कर्मचारियों एवं अधिकारियों की व्यापक भागीदारी रही, जिसके कारण बैंकिंग सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हुईं।

UFBU ने हड़ताल की सफलता के लिए सभी यूनियनों, इकाइयों और सदस्यों को बधाई दी है। संगठन ने कहा कि कर्मचारियों की एकजुटता, भागीदारी और आंदोलन के प्रति प्रतिबद्धता ने सरकार एवं बैंक प्रबंधन के समक्ष लंबित मांगों को मजबूती से रखा है।

पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग

बैंक यूनियनों का प्रमुख मुद्दा सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करना है। यूनियनों के अनुसार, भारतीय बैंक संघ और कर्मचारी संगठनों के बीच 8 मार्च 2024 को हुए समझौते के बाद पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया था, लेकिन अब तक इस पर अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।

Advertisement

UFBU का कहना है कि बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों को सप्ताह में दो दिन अवकाश देने के लिए कार्यदिवस के समय में आवश्यक समायोजन का प्रस्ताव पहले ही दिया जा चुका है। इसके बावजूद प्रस्ताव को लंबित रखना कर्मचारियों के साथ वादाखिलाफी है।

PLI योजना को लेकर भी विरोध

बैंक यूनियनों ने स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू की गई प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन योजना यानी परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) को एकतरफा और भेदभावपूर्ण बताया है।

UFBU के अनुसार, PLI योजना को बैंक के सामूहिक प्रदर्शन से जोड़ने के बजाय व्यक्तिगत प्रदर्शन पर आधारित किया गया है। यूनियनों का आरोप है कि इससे कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच विभाजन की स्थिति पैदा होगी तथा बैंकिंग क्षेत्र में सामूहिक कार्यसंस्कृति प्रभावित होगी।

सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए PLI योजना के क्रियान्वयन को फिलहाल स्थगित कर इसे यूनियनों के साथ होने वाली चर्चा में अंतिम रूप देने का निर्णय लिया है। हालांकि, बैंक यूनियनें योजना में व्यापक संशोधन और द्विपक्षीय बातचीत की मांग कर रही हैं।

28 से 30 सितंबर तक फिर बंद रहेंगे बैंक

UFBU ने स्पष्ट किया है कि 11 सितंबर की हड़ताल के बाद अब 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को तीन दिवसीय लगातार देशव्यापी बैंक हड़ताल की जाएगी। यदि मांगों पर समाधान नहीं हुआ तो 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी भी दी गई है।

UFBU से संबद्ध प्रमुख संगठन

  • ऑल इंडिया बैंक एम्प्लाइज एसोसिएशन
  • ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कॉन्फेडरेशन
  • नेशनल कॉन्फेडरेशन ऑफ बैंक एम्प्लाइज
  • ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन
  • बैंक एम्प्लाइज फेडरेशन ऑफ इंडिया
  • इंडियन नेशनल बैंक एम्प्लाइज फेडरेशन
  • इंडियन नेशनल बैंक ऑफिसर्स कांग्रेस

ग्राहकों पर क्या पड़ेगा असर?

हड़ताल के दौरान बैंक शाखाओं में नकद जमा-निकासी, चेक क्लीयरेंस, पासबुक अपडेट, ऋण संबंधी कार्य, केवाईसी और अन्य काउंटर सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि, एटीएम, यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की संभावना है।

बैंक ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे 28 से 30 सितंबर के बीच होने वाली हड़ताल को ध्यान में रखते हुए जरूरी बैंकिंग कार्य पहले ही पूरा कर लें।

  • Join the IndustrialPunch WhatsApp Group:Click here
  • industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join
Advertisement
कोल इंडिया की 10 मेगा माइंस ने Q1 में बनाया रिकॉर्ड, SECL, NCL और MCL की खदानों का दबदबा भारत के सर्वाधिक कोयला भंडार वाले सात राज्यों के बारे में जानें: वित्तीय वर्ष 2025- 26 : कोल इंडिया लिमिटेड की टॉप- 10 खदान कोल इंडिया ने डिस्पैच का टारगेट भी किया कम, देखें 2026- 27 का कंपनीवार नया लक्ष्य कोल इंडिया ने घटाया लक्ष्य, देखें 2026- 27 का कंपनीवार नया टारगेट