कोरबा। IndustrialPunch : साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) श्री हरीश दुहन ने गेवरा मेगा माइन का निरीक्षण कर कोयला उत्पादन, प्रेषण और खनन गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय एवं आउटसोर्सिंग पैचों में चल रहे कार्यों का जायजा लेते हुए उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान CMD ने कोयला उत्पादन के साथ प्रेषण और ओवरबर्डन हटाने की गतिविधियों की प्रगति पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने तथा विभिन्न विभागों और आउटसोर्सिंग एजेंसियों के बीच समन्वय मजबूत कर निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने पर जोर दिया।
अगले तीन वर्षों की जरूरतों के अनुरूप बने कार्ययोजना
श्री दुहन ने आगामी तीन वर्षों की कोयला उत्पादन एवं प्रेषण आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने अगले मानसून की तैयारियों की योजना भी अभी से बनाने पर जोर दिया, ताकि वर्षा के दौरान खनन गतिविधियों और कोयला आपूर्ति पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों से निपटने के लिए समय रहते व्यवस्था की जा सके।
गेवरा मेगा माइन में खनन विस्तार के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। इस दौरान नरईबोध और भिलाई बाजार सहित संबंधित गांवों से जुड़े भूमि एवं विस्थापन विषयों की प्रगति पर चर्चा हुई।
साइलो नंबर 5 और 6 के निर्माण की समीक्षा
दौरे के दौरान CMD ने साइलो क्रमांक 5 एवं 6 के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
विभागाध्यक्षों और ठेकेदारों के प्रदर्शन की समीक्षा
दोपहर में आयोजित समीक्षा बैठक में श्री दुहन ने सभी विभागाध्यक्षों के साथ उत्पादन एवं प्रेषण बढ़ाने की कार्ययोजना पर चर्चा की। बैठक में आउटसोर्सिंग कार्यों से जुड़े ठेकेदारों के प्रदर्शन की भी समीक्षा की गई। CMD ने बेहतर समन्वय, संसाधनों के प्रभावी उपयोग और कार्यों की निगरानी के माध्यम से निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने पर जोर दिया।
- Join the IndustrialPunch WhatsApp Group:Click here
- industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here








