नई दिल्ली। IndustrialPunch : कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) के विनिवेश, उसकी सहायक कंपनियों की शेयर बाजार में लिस्टिंग तथा कोयला क्षेत्र में निजी कंपनियों की बढ़ती भागीदारी के बीच एक महत्वपूर्ण सवाल उठ रहा है—क्या कोल इंडिया धीरे-धीरे निजीकरण की ओर बढ़ रही है?
फिलहाल कोल इंडिया के पूर्ण निजीकरण का कोई आधिकारिक निर्णय सामने नहीं आया है। हालांकि, सरकार की हिस्सेदारी में कमी, सहायक कंपनियों के IPO और परिसंपत्तियों के मुद्रीकरण की रणनीति को देखते हुए कंपनी के भविष्य के कॉरपोरेट ढांचे को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
सरकार की हिस्सेदारी घटकर 61.13 प्रतिशत
वित्त वर्ष 2026-27 में भारत सरकार ने कोल इंडिया में 2 प्रतिशत हिस्सेदारी ऑफर फॉर सेल (OFS) के माध्यम से बेची। इस बिक्री के बाद कंपनी में सरकार की हिस्सेदारी घटकर 61.13 प्रतिशत रह गई।
इसका मतलब है कि सरकार अभी भी कोल इंडिया की बहुमत शेयरधारक है और कंपनी पर उसका नियंत्रण कायम है, लेकिन लगातार हिस्सेदारी बिक्री से सरकारी स्वामित्व में धीरे-धीरे कमी जरूर आई है।
सहायक कंपनियों की लिस्टिंग से बदल रहा कॉरपोरेट ढांचा
कोल इंडिया अपनी सहायक कंपनियों को शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराने की दिशा में आगे बढ़ रही है। BCCL और CMPDI पहले ही शेयर बाजार में सूचीबद्ध हो चुकी हैं। MCL का IPO नवंबर 2026 में प्रस्तावित है, जबकि SECL ने IPO के लिए DRHP दाखिल किया है। इसके अलावा NCL और CCL को भी शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराने की संभावनाओं पर चर्चा की खबरें सामने आई हैं।
सहायक कंपनियों की लिस्टिंग से इनमें निजी निवेशकों की हिस्सेदारी बढ़ेगी और कंपनियों को बाजार आधारित मूल्यांकन मिलेगा। हालांकि, IPO के जरिए हिस्सेदारी बेचने का अर्थ संबंधित कंपनी का पूर्ण निजीकरण नहीं है।
निजी क्षेत्र की बढ़ती भागीदारी
कॅमर्शियल कोल माइनिंग के तहत निजी कंपनियों को कोयला खदानों की नीलामी और संचालन का अवसर दिया जा रहा है। इससे देश के कोयला उत्पादन में निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ रही है। यह नीति कोयला क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा, निवेश और उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से लागू की जा रही है। इधर, यदि भविष्य में सरकारी हिस्सेदारी और कम की जाती है, सहायक कंपनियों में अधिक हिस्सेदारी बेची जाती है तथा निजी निवेश का विस्तार होता है, तो कोल इंडिया के मौजूदा कॉरपोरेट ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव संभव हैं।
- Join the IndustrialPunch WhatsApp Group : Click here
- industrial punch is now on Whatsapp Channels : Click here









