Monday, November 23, 2026
Home Industrial (हिंदी) एम्प्लोयी एवं यूनियन BMS की बजट पूर्व मांगें: न्यूनतम पेंशन ₹7,500, ग्रेच्युटी सीमा ₹40 लाख...

BMS की बजट पूर्व मांगें: न्यूनतम पेंशन ₹7,500, ग्रेच्युटी सीमा ₹40 लाख करने का सुझाव

संगठन ने EPF वेतन सीमा को ₹15,000 से बढ़ाकर ₹25,000 किए जाने के संदर्भ में सरकार से अधिक योगदान की मांग की है

Advertisement

नई दिल्ली। IndustrialPunch : केंद्रीय बजट 2027-28 से पहले भारतीय मजदूर संघ (BMS) ने श्रमिकों, कर्मचारियों, असंगठित क्षेत्र के कामगारों, सार्वजनिक क्षेत्र के उद्योगों और टेक्सटाइल सेक्टर से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार के समक्ष विभिन्न सुझाव एवं मांगें रखी हैं। संगठन ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लिए पर्याप्त बजट आवंटन, न्यूनतम पेंशन में वृद्धि, ग्रेच्युटी सीमा बढ़ाने, रोजगार के अवसरों का विस्तार और बीमार उद्योगों के पुनरुद्धार पर जोर दिया है।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज नई दिल्ली में आगामी केंद्रीय बजट 2027-28 के संबंध में रोजगार एवं श्रम क्षेत्र के हितधारकों के साथ आठवीं बजट-पूर्व परामर्श बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में भारतीय मजदूर संघ (BMS) की ओर से महासचिव सुरेंद्र कुमार पांडेय ने प्रतिनिधित्व किया।

भारतीय मजदूर संघ ने सामाजिक सुरक्षा के तहत EPF पेंशन को न्यूनतम ₹1,000 से बढ़ाकर ₹7,500 प्रतिमाह करने तथा इसे महंगाई भत्ते (DA) से जोड़ने का सुझाव दिया है। साथ ही पेंशनभोगियों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

संगठन ने EPF वेतन सीमा को ₹15,000 से बढ़ाकर ₹25,000 किए जाने के संदर्भ में सरकार से अधिक योगदान की मांग की है। इसके अलावा ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा ₹20 लाख से बढ़ाकर ₹40 लाख करने का सुझाव दिया गया है।

Advertisement

वृद्धावस्था पेंशन में वृद्धि का सुझाव

भारतीय मजदूर संघ ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 60 से 79 वर्ष के लाभार्थियों की पेंशन ₹200 से बढ़ाकर ₹500 तथा 80 वर्ष से अधिक आयु वालों की पेंशन ₹500 से बढ़ाकर ₹1,000 करने का प्रस्ताव रखा है।

संगठन ने सामाजिक सुरक्षा कोड के अंतर्गत गिग एवं प्लेटफॉर्म वर्कर्स के लिए जीवन एवं दिव्यांगता सुरक्षा, दुर्घटना बीमा, स्वास्थ्य एवं मातृत्व लाभ, वृद्धावस्था सुरक्षा, क्रेच सुविधाओं और अन्य कल्याणकारी योजनाओं के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराने की मांग की है।

आंगनबाड़ी, आशा और मिड-डे मील कर्मियों का मानदेय बढ़े

बजट सुझावों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं, आशा कर्मियों तथा मिड-डे मील कर्मचारियों के मासिक मानदेय में वृद्धि का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है।

बंद एवं बीमार सार्वजनिक उद्योगों के पुनरुद्धार की मांग

भारतीय मजदूर संघ ने HEC रांची, NTC, HMT, IDPL, हिंदुस्तान केबल, प्रागा टूल्स हैदराबाद और इंडियन नेशनल जूट जैसे उद्योगों की स्थिति पर चिंता जताई है। संगठन का कहना है कि इन उद्योगों के पास बड़ी भूमि एवं संसाधन उपलब्ध हैं, लेकिन कई संस्थान आर्थिक एवं परिचालन चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।

BMS ने ऐसे उद्योगों के लिए पुनरुद्धार योजना तैयार करने तथा HEC और NTC जैसे संस्थानों को फिर से सक्षम बनाने की मांग की है, ताकि रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों को बनाए रखा जा सके।

टेक्सटाइल सेक्टर को प्राथमिकता देने का सुझाव

भारतीय मजदूर संघ ने टेक्सटाइल उद्योग को उच्च प्राथमिकता देने की मांग की है। इसमें हथकरघा, पावरलूम और गारमेंट उद्योग के लिए अलग-अलग सहायता एवं नीतिगत उपाय प्रस्तावित किए गए हैं।

हथकरघा क्षेत्र: हथकरघा उत्पादों पर मिलने वाली छूट/रिबेट योजना को फिर शुरू करने, सरकारी विभागों द्वारा बेडशीट, तौलिये और धोती जैसे उत्पाद हथकरघा सहकारी संस्थाओं से खरीदने तथा बुनकरों के लिए विशेष कॉलोनियां और कॉमन वर्कशेड विकसित करने का सुझाव दिया गया है।

पावरलूम क्षेत्र: छोटे, मध्यम और बड़े पावरलूम उद्योगों का वर्गीकरण करने, छोटे उद्यमियों को सब्सिडी वाली बिजली, कच्चा माल, जकार्ड मशीन और बैंक ऋण उपलब्ध कराने की मांग की गई है। छह से कम लूम वाले उद्यमों को छोटे उद्योगों की श्रेणी में रखने तथा छोटे पावरलूम संचालकों को बिजली शुल्क में राहत देने का सुझाव भी दिया गया है।

इसके साथ ही श्रमिकों को स्वयं उद्यमी एवं लूम मालिक बनाने के लिए शेड निर्माण और नए लूम खरीदने में सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

गारमेंट उद्योग: घरेलू गारमेंट निर्माताओं, विशेषकर MSME इकाइयों को अनुचित आयात प्रतिस्पर्धा से बचाने के लिए नीतिगत उपाय करने तथा आधुनिक बुनियादी सुविधाओं, लॉजिस्टिक्स, साझा सुविधाओं और बाजार पहुंच के साथ गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित करने का सुझाव दिया गया है।

प्रवासी टेक्सटाइल श्रमिकों के लिए कल्याण ढांचा

टेक्सटाइल उद्योग में काम करने वाले प्रवासी श्रमिकों के लिए तिरुपुर, सूरत, लुधियाना, पानीपत, अहमदाबाद और बेंगलुरु जैसे औद्योगिक केंद्रों में साझा श्रमिक कल्याण केंद्र स्थापित करने की मांग की गई है।

प्रस्तावित ढांचे में किफायती आवास, स्वच्छ भोजन एवं पेयजल, बच्चों के लिए क्रेच, दुर्घटना बीमा, आपात सहायता और बहुभाषी शिकायत निवारण व्यवस्था शामिल करने का सुझाव है। इसके लिए नियोक्ताओं के योगदान तथा सरकारी सहायता से समर्पित Migrant Workers Welfare Fund बनाने की भी बात कही गई है।

रिक्त पदों पर भर्ती और रोजगार नीति में बदलाव

भारतीय मजदूर संघ ने सरकारी विभागों, स्थानीय निकायों, राज्य एवं केंद्र सरकार के संस्थानों और निजी क्षेत्र में रिक्त स्थायी पदों को भरने की मांग की है। संगठन ने संविदा एवं अस्थायी रोजगार व्यवस्था के बढ़ते चलन पर चिंता जताते हुए रोजगार नीति में बदलाव तथा नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का सुझाव दिया है। इसके अलावा आयकर छूट की वर्तमान सीमा बढ़ाने और रोजगार सृजन को प्राथमिकता देने की मांग भी बजट सुझावों में शामिल है।

भारतीय मजदूर संघ के महामंत्री सुरेंद्र पांडेय की ओर से प्रस्तुत इन सुझावों में श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा, रोजगार स्थिरता, औद्योगिक पुनरुद्धार और घरेलू विनिर्माण को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है।

  • Join the IndustrialPunch WhatsApp Group : Click here
  • industrial punch is now on Whatsapp Channels : Click here

 

 

Advertisement
1 अक्टूबर से बदलेंगे ये जरूरी नियम, आम लोगों पर पड़ेगा सीधा असर 1 अक्टूबर से बदलेंगे ये जरूरी नियम, आम लोगों पर पड़ेगा सीधा असर कोल इंडिया की 10 मेगा माइंस ने Q1 में बनाया रिकॉर्ड, SECL, NCL और MCL की खदानों का दबदबा भारत के सर्वाधिक कोयला भंडार वाले सात राज्यों के बारे में जानें: वित्तीय वर्ष 2025- 26 : कोल इंडिया लिमिटेड की टॉप- 10 खदान