कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा है कि पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा यह तय करेंगी कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में वह मतदाताओं के बीच खुद को कैसे पेश करेंगी लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि यह जरूर है कि वह एक बेहतरीन चेहरा हैं और राज्य में पार्टी की कप्तान हैं।

इसे भी पढ़ें: पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि का ठीकरा यूपीए सरकार पर फोड़ा

खुर्शीद ने यह उम्मीद भी जताई कि अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ही भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ मुख्य प्रतिद्वंद्वी की भूमिका में होगी। सलमान खुर्शीद ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि कांग्रेस गठबंधनों के लिए इंतजार नहीं करती रहेगी, बल्कि पूरी ताकत के साथ वह चुनाव लड़ने को लेकर प्रतिबद्ध है।

यह पूछे जाने पर कि क्या मुख्यमंत्री पद के चेहरे के लिए प्रियंका गांधी ही सर्वश्रेष्ठ विकल्प हैं तो पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जब तब वह हमें कोई संकेत नहीं देतीं, तब तक मैं इसका जवाब नहीं दूंगा। लेकिन वह एक अद्भुत, बेहतरीन चेहरा हैं। उन्होंने कहा कि आप एक तरफ योगी आदित्यनाथ की तस्वीर रखिए और दूसरी तरफ प्रियंका गांधी की तस्वीर रखिए। आपको कोई सवाल पूछने की जरूरत नहीं होगी।

खुर्शीद ने इस बात पर जोर दिया कि यह फैसला प्रियंका गांधी को खुद करना है कि मतदाताओं के बीच किस तरह से जाना है। उन्होंने कहा कि मैं आशा करता हूं कि वह फैसला करेंगी और हमें जानकारी देंगी। जहां तक हमारा सवाल है तो वह हमारी कप्तान हैं और हमारा नेतृत्व कर रही हैं। गठबंधन की संभावना को लेकर पूछे जाने पर खुर्शीद ने कहा कि उनकी जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस की किसी भी पार्टी के साथ बातचीत नहीं चल रही है। उनके मुताबिक, अगर पार्टी नेतृत्व कोई फैसला करता है तो बात अलग है।

इसे भी पढ़ें: पंजाब कांग्रेस में घमासान: 8-10 जुलाई तक सुलझेगा विवाद, नवजोत सिंह सिद्धू को दिल्ली बुलाकर होगी बात

आपको बता दें कि पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने अखिलेश यादव की अगुवाई वाली समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था। उस चुनाव में कांग्रेस सिर्फ सात सीटें जीत सकी और सपा को 47 सीटें मिली थीं। यूपी के पूर्व सीएम और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा था कि उनकी पार्टी आगामी चुनाव में कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी जैसे बड़े दलों के साथ गठबंधन नहीं करेगी।

सोशल मीडिया पर अपडेट्स के लिए Facebook (https://www.facebook.com/industrialpunch) एवं Twitter (https://twitter.com/IndustrialPunchपर Follow करें …

  • Website Designing