उपचुनाव : 29 विधानसभा और 3 लोकसभा सीटों पर वोटों की गिनती जारी, कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर

ताजा जानकारी के अनुसार 3 संसदीय क्षेत्रों के उपचुनाव की मतगणना जारी है। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस प्रत्याशी अब आगे है। मध्य प्रदेश में भाजपा और दादरा और नगर हवेली में शिवसेना प्रत्याशी आगे है।

देश के कई राज्यों की 3 लोकसभा सीटों और 29 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के रिजल्ट के लिए मंगलवार को वोटों की गिनती शुरू हो गई है। इस चुनाव में कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है। इधर, ताजा जानकारी के अनुसार 3 संसदीय क्षेत्रों के उपचुनाव की मतगणना जारी है। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस प्रत्याशी अब आगे है। मध्य प्रदेश में भाजपा और दादरा और नगर हवेली में शिवसेना प्रत्याशी आगे है।

इन उपचुनावों में 50 प्रतिशत से 80 प्रतिशत तक की वोटिंग दर्ज की गई है। असम की पांच, पश्चिम बंगाल में चार, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और मेघालय में तीन-तीन, बिहार, कर्नाटक और राजस्थान में दो-दो और आंध्र प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, मिजोरम, तेलंगाना की एक-एक सीट विधानसभा की सीटों पर उपचुनाव हुए हैं।

9 विधानसभा सीटों में से छह भाजपा के पास, नौ कांग्रेस के पास, जबकि बाकी क्षेत्रीय दलों के पास थी। तीन लोकसभा सीटों- दादरा और नगर हवेली, हिमाचल प्रदेश में मंडी और मध्य प्रदेश में खंडवा सीटों पर मौजूदा सदस्यों की मृत्यु के बाद उपचुनाव हो रहे हैं।

दादरा नगर हवेली: निर्वाचन आयोग के अनुसार यहां 75 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। यह लोकसभा सीट अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित है। यहां के मौजूदा सांसद मोहन देलकर की मृत्यु के कारण यहां उपचुनाव हुआ है, देलकर 23 फरवरी को मुंबई के एक होटल में मृत मिले थे। इस उपचुनाव में तीन उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है। देलकर की पत्नी कलाबेन देलकर को शिवसेना ने मैदान में उतारा है। जबकि बीजेपी ने महेश गावित और कांग्रेस ने महेश ढोड़ी को टिकट दिया है।

बिहार उपचुनावः बिहार में दो सीटों के लिए उपचुनाव हो रहे हैं। दोनों सीट पर विधायकों की मृत्यु के बाद उपचुनाव हुए हैं। पहले ये दोनों सीटें जदयू के पास थीं। इन चुनावों में कांग्रेस ने महागठबंधन से अलग अपने खुद के उम्मीदवार उतारे हैं।

मध्यप्रदेश उपचुनावः खंडवा लोकसभा सीट पर 63.88 प्रतिशत मतदान हुआ है, जबकि रैगांव, पृथ्वीपुर एवं जोबट तीनों विधानसभा क्षेत्रों में औसतन मतदान 65.33 प्रतिशत हुआ है। इन चार सीटों में से खंडवा लोकसभा सीट और रैगांव विधानसभा सीट पर भाजपा का कब्जा था, जबकि जोबट एवं पृथ्वीपुर विधानसभा सीटें कांग्रेस के पास थीं। खंडवा लोकसभा सीट भाजपा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के निधन से खाली हुई है।

सोशल मीडिया पर अपडेट्स के लिए Facebook (https://www.facebook.com/industrialpunch) एवं Twitter (https://twitter.com/IndustrialPunchपर Follow करें …

  • Website Designing