Advertisement

रायपुर, 08 दिसम्बर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का जलवा बरकरार है, यह भानुप्रतापपुर उपचुनाव के परिणाम ने जता दिया है। कांग्रेस प्रत्याशी सावित्री मंडावी बड़ी जीत की ओर है। भाजपा ने ब्रह्मानंद नेताम पर दांव खेला, लेकिन यह खाली गया।

राज्य में यह पांचवा उपचुनाव था। खैरागढ़, मरवाही, चित्रकूट, दंतेवाड़ा विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने जीत हासिल की थी। पांचवे उपचुनाव में भी कांग्रेस विजय प्राप्त कर रही है। भानुप्रतापपुर उपचुनाव जीतने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंकी थी। पार्टी ने कांग्रेस और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ आक्रामक रवैया अपनाया था। पांच उपचुनाव में लगातार हार भाजपा के लिए एक बड़ा झटका है। एक साल बाद छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव होना है।

इधर, 2018 के चुनाव में भारी बहुमत से राज्य की सत्ता में आना और इसके बाद पांच उपचुनावों में जीत ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का कद और बढ़ा दिया है। भानुप्रतापपुर जीतने के बाद कांग्रेस के कुल 71 विधायक हो जाएंगे। भाजपा 14 के आंकड़े पर है। 3 विधायक जोगी कांग्रेस व 2 बसपा से हैं।

 

Advertisement
Advertisement