जांजगीर-चांपा, 11 जून। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा ज़िले के पिहरीद गांव में बोरवेल में गिरे 11 साल के बच्चे को निकालने का बचाव अभियान करीब 18 घण्टे से चल रहा है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम इसे अंजाम दे रही है। मौके पर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक भी मौजूद हैं।

बोरवेल के ठीक बगल में 50 फीट से ज्यादा की खुदाई हो गई है। पाइप के माध्यम से राहुल को ऑक्सीजन दी जा रही है। बोरवेल से राहुल की आवाज और उसकी हलचल पूरी तरह सुनाई और दिखाई दे रही है। शुक्रवार दोपहर 2 बजे के आस-पास वह बोरवेल में गिरा था। जिसके बाद से वह वहीं फंसा हुआ है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए निर्देश दिए हैं। प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और प्रयास कर रही है कि जल्द ही राहुल को निकाल लिया जाए। प्रशासन ने कहा है कि 65 फीट की खुदाई की जाएगी। इसके बाद टनल बनाने का काम शुरू किया जाए। अनुमान लगाया जा रहा है कि बच्चे को निकालने में अभी कम से कम से 6 से 7 घंटे का वक्त और लग सकता है। प्रशासन ने शुक्रवार शाम 5 बचे से ये रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया था, जो निरंतर जारी है।

यहां बताना होगा कि पिहरिद गांव का राहुल साहू (11) पिता लाला साहू रोज की तरह दोपहर में घर के पीछे अपनी ही बाड़ी में खेल रहा था। शुक्रवार दोपहर 2 बजे के बाद से उसका कुछ पता नहीं चला है। परिजन भी इस बात से बेखबर थे।

उन्हें इस बारे में तब पता चला, जब घर के ही कुछ लोग बाड़ी की तरफ गए। उस दौरान राहुल के रोने की आवाज आ रही थी। गड्ढे के पास जाकर देखने पर पता चला कि आवाज अंदर से आ रही है। बोरवेल का गड्ढा 80 फीट गहरा है।

सोशल मीडिया पर अपडेट्स के लिए Facebook (https://www.facebook.com/industrialpunch) एवं Twitter (https://twitter.com/IndustrialPunchपर Follow करें …

  • Website Designing