रायपुर। ढाई- ढाई साल के मुख्यमंत्री के पद को लेकर छत्तीसगढ़ में घमासान मचा हुआ है। इधर, जानकारी मिली है कि कांग्रेस के करीब 35 मंत्री-सांसद- विधायकों ने दिल्ली में दस्तक दे दी है। कुछ विधायक और दिल्ली पहुंच रहे हैं।

बताया गया है कि मंत्री अमरजीत भगत दिल्ली पहुंच चुके हैं। कांग्रेस के दोनों सांसद भी दिल्ली गए हैं। जबकि गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू 18 अगस्त से दिल्ली में डटे हुए हैं।

दिल्ली पहुंचने वाले विधायकों में बृहस्पत सिंह, कुलदीप जुनेजा, देवेंद्र यादव, विनोद सेवनलाल चंद्राकर, शिशुपाल सोरी, विनय भगत, प्रकाश नायक, किस्मत लाल नंद, द्वारिकाधीश यादव, पुरुषोत्तम कंवर, विनय जायसवाल, गुलाब कमरो, गुरुदयाल बंजारे, भुनेश्वर बघेल, अशीष छाबड़ा, लक्ष्मी ध्रुव, रश्मि सिंह, शकुंतला साहू, विकास उपाध्याय दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी दिल्ली रवाना हो रहे हैं। बताया गया है कि उनकी राहुल गांधी से मुलाकात होगी। नगरीय प्रशासन मंत्री डा. शिव डहरिया भी दिल्ली जा रहे हैं। राज्यसभा सांसद फूलोदवी नेताम भी दिल्ली पहुंच रही हैं। बताया गया है कि विधानसभा अध्यक्ष डा. चरणदास महंत 28 अगस्त को दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

बताया गया है कि स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव दिल्ली में ही हैं। गुरुवार को उन्होंने दिल्ली में एएनआई से चर्चा में कहा था कि पार्टी ने ढाई- ढाई साल के फार्मूले पर कभी बात नहीं की है। साथ में उन्होंने यह भी कहा था कि कोई खिलाड़ी किसी टीम में खेलता है तो वो कप्तान बनने के बारे में भी सोचता है।

गुरुवार की रात को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा था कि दिल्ली से किसी को मिलने के लिए बुलावा नहीं आया है। गुरुवार को देर शाम दर्जनभर विधायक मुख्यमंत्री निवास पहुंचे थे।

इसके पहले राहुल गांधी के साथ मुख्यमंत्री भूपेष बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव की हुई बैठक के बाद साफ कर दिया गया था कि राज्य के नेतृत्व में कोई परिवर्तन नहीं होगा।

सोशल मीडिया पर अपडेट्स के लिए Facebook (https://www.facebook.com/industrialpunch) एवं Twitter (https://twitter.com/IndustrialPunchपर Follow करें …

 

  • Website Designing