आज हिन्दी दिवस : भारत के माथे की बिंदी है ‘हिन्दी’, हिन्दी भाषा के इतिहास और वर्तमान से जुड़ी रोचक बातें

हिन्दी भाषा में स्वदेश की महक है, जिसे बोलते और सुनते ही गर्व और सुकून की अनुभूति होती है। हिन्दी की महत्ता और इसके प्रति लोगों में आत्मविश्वास जगाने के लिए हर साल 14 सितंबर को हिन्दी दिवस मनाया जाता है।

हिन्दी भाषा में स्वदेश की महक है, जिसे बोलते और सुनते ही गर्व और सुकून की अनुभूति होती है। हिन्दी की महत्ता और इसके प्रति लोगों में आत्मविश्वास जगाने के लिए हर साल 14 सितंबर को हिन्दी दिवस मनाया जाता है। हिन्दी भाषा विश्व में चौथी सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है। पिछले कुछ साल में हिन्दी को लेकर लोगों में विश्वास और बढ़ा है। यहां तक की देश के कई व्यावसायिक पाठ्यक्रम की शुरुआत भी हिन्दी में कर दी गई है। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने संयुक्त राष्ट्र संघ में अपना प्रथम वक्तव्य हिन्दी भाषा में प्रस्तुत किया था।

हिन्दी भाषा को आज जो सम्मान मिल रहा है, उसके पीछे एक गहरा इतिहास है, जो इंडो-आर्यन शाखा और इंडो-यूरोपीय भाषा परिवार से जुड़ा हुआ है। आखिर क्यों मनाया जाता है हिन्दी दिवस? हिन्दी दिवस पर कौन-कौन से पुरस्कार दिये जाते हैं? आखिर, भारत के अलावा और कौन सा राष्ट्र है, जहां की आधिकारिक भाषा ‘हिन्दी’ है, जानते हैं विस्तार से…

14 सितंबर 1949 में राष्ट्रभाषा का मिला दर्जा

14 सितंबर 1949 को संविधान सभा में फैसला लिया गया कि हिन्दी भी केंद्र सरकार की आधिकारिक भाषा होगी। संविधान में हिन्दी को राजभाषा के रूप में स्वीकार किये जाने का इस रूप में उल्लेख किया गया है- ‘संघ की राष्ट्रभाषा हिन्दी और लिपि देवनागरी होगी। संघ के राजकीय प्रयोजनों के लिए प्रयोग होने वाले अंकों का रूप अंतरराष्ट्रीय रूप होगा।’

‘हिन्दी’ को ही क्यों मिला राजभाषा का दर्जा

किसी भी भाषा को राष्ट्र भाषा अथवा राजभाषा चुनने से पहले उसके कुछ विशेष गुण होने चाहिए। उस भाषा को देश के ज्यादातर भागों में लिखा पढ़ा जाता हो या उन्हें समझ हो। उस भाषा की शब्दाबली इतनी समर्थ हो की उससे सभी प्रकार के ज्ञान-विज्ञान के विषयों को अभिव्यक्त किया जा सके। साथ ही, ऐसी भाषा के साहित्य का एक विशाल भंडार होना चाहिए तथा दर्शन, ज्योतिष विज्ञान, साहित्य और इतिहास के विषय में सभी पुस्तकें होनी चाहिए। भाषा का सुन्दर और सरल होना और भी आवश्यक है।

हिन्दी को पहचान दिलाने में इनका रहा योगदान

हिन्दी को उनकी पहचान और जगह दिलाने के लिए देश कई विद्वानों ने अपना योगदान दिया है। मूर्धन्य साहित्यकार व्योहार राजेंद्र सिंह ने दूसरे साहित्यकारों आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी, काका कालेलकर, मैथिली शरण गुप्त, सेठ गोविंद दास के साथ मिलकर हिन्दी को देश की आधिकारिक भाषा बनवाने में अथक योगदान दिया। संयोग था कि राजेंद्र सिंह के जन्म दिवस 14 सितंबर को ही संविधान सभा ने हिन्दी को देश की आधिकारिक भाषा के रूप में स्वीकार किया।

पहला हिन्दी दिवस

26 जनवरी 1950 को ही संविधान में स्वीकार कर लिया गया, लेकिन तीन साल बाद 1953 में राजेंद्र सिंह के जन्मदिवस पर पहला हिन्दी दिवस मनाया गया। इसके बाद पूरे देश में 14 सितंबर को हर साल हिन्दी दिवस मनाने की शुरुआत हुई। हिन्दी दिवस पर हर साल राष्ट्रपति एक समारोह में भाषा के प्रति उनके योगदान को लेकर राजभाषा पुरस्कार से सम्मानित करते हैं।

आज के भारत में हिन्दी ही एकमात्र भाषा है, जिसमें यह सब गुण पाए गए हैं। इसलिए हिन्दी को राजभाषा के रूप में चुना गया है। आज हिन्दी भाषा को पूरे विश्व भर में सम्मान के नजरों से देखा जाता है। यहां तक की टेक्नोलॉजी के जमाने में आज विश्व की सबसे बड़ी कंपनियां जैसे गूगल, फेसबुक भी हिन्दी भाषा को बढ़ावा दे रहे।

भारत के संविधान में हिन्दी का उद्भव

26 जनवरी 1950 को भारतीय संविधान लागू होने के साथ ही राजभाषा नीति भी लागू हुई। संविधान के अनुच्छेद 343 (1) के तहत यह स्पष्ट किया गया है कि भारत की राजभाषा हिन्दी और लिपि देवनागरी है। संघ के शासकीय प्रयोजनों के लिए प्रयोग होने वाले अंकों का रूप भारतीय अंकों का अंतर्राष्ट्रीय रूप है। हिन्दी के अतिरिक्त अंग्रेजी भाषा का प्रयोग भी सरकारी कामकाज में किया जा सकता है।

अनुच्छेद 343 (2) के अंतर्गत यह भी व्यवस्था की गई है कि संविधान के लागू होने के समय से 15 वर्ष की अवधि तक, अर्थात वर्ष 1965 तक संघ के सभी सरकारी कार्यों के लिए पहले की भांति अंग्रेजी भाषा का प्रयोग होता रहेगा। यह व्यवस्था इसलिए की गई थी कि इस बीच हिन्दी न जानने वाले हिन्दी सीख जायेंगे और हिन्दी भाषा को प्रशासनिक कार्यों के लिए सभी प्रकार से सक्षम बनाया जा सकेगा।

आयोग का गठन और कार्य

अनुच्छेद 344 में यह कहा गया कि संविधान प्रारंभ होने के 5 वर्षों के बाद और फिर उसके 10 वर्ष बाद राष्ट्रपति एक आयोग बनाएंगे, जो अन्य बातों के साथ साथ संघ के सरकारी कामकाज में हिन्दी भाषा के उत्तरोत्तर प्रयोग के बारे में और संघ के राजकीय प्रयोजनों में से सब या किसी के लिए अंग्रेजी भाषा के प्रयोग पर रोक लगाए जाने के बारे में राष्ट्रपति को सिफारिश करेगा।

आयोग की सिफारिशों पर विचार करने के लिए इस अनुच्छेद के खंड 4 के अनुसार 30 संसद सदस्यों की एक समिति के गठन की भी व्यवस्था की गई। संविधान के अनुच्छेद 120 में कहा गया है कि संसद का कार्य हिन्दी में या अंग्रेजी में किया जा सकता है।

वर्ष 1965 तक 15 वर्ष पूर्ण हो चुके थे। लेकिन उसके बाद भी अंग्रेजी को हटाया नहीं गया और अनुच्छेद 334 (3) में संसद को यह अधिकार दिया गया कि वह 1965 के बाद भी सरकारी कामकाज में अंग्रेजी का प्रयोग जारी रखने के बारे में व्यवस्था कर सकती है। अंग्रेजी और हिन्दी दोनों भारत की राजभाषा है।

जब लाया गया भाषा संशोधन विधेयक

26 जनवरी 1965 को संसद में यह प्रस्ताव पारित हुआ कि ‘हिन्दी का सभी सरकारी कार्यों में उपयोग किया जाएगा, लेकिन उसके साथ साथ अंग्रेजी का भी सह राजभाषा के रूप में उपयोग किया जाएगा।’ वर्ष 1967 में संसद में ‘भाषा संशोधन विधेयक’ लाया गया। इसके बाद अंग्रेजी को अनिवार्य कर दिया गया। इस विधेयक में धारा 3(1) में हिन्दी की चर्चा तक नहीं की गई। इसके बाद अंग्रेजी का विरोध शुरू हुआ। 5 दिसंबर 1967 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने राज्यसभा में कहा कि हम इस विधेयक में विचार विमर्श करेंगे।

यहां सबसे ज्यादा बोली जाती है ‘हिन्दी’

हिन्दी बोलने वाली अधिकांश आबादी उत्तर भारत में केंद्रित है। हिन्दी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड और झारखंड सहित कई भारतीय राज्यों की आधिकारिक भाषा है। बिहार देश का पहला राज्य था, जिसने अपनी एकमात्र आधिकारिक भाषा के रूप में हिन्दी को अपनाया। बंगाली, तेलुगु और मराठी देश की अन्य व्यापक रूप से बोली जाने वाली भाषा हैं।

विदेशों में भी बोली जाती है ‘हिन्दी’

भारत की आजादी के बाद भारत सरकार ने हिन्दी भाषा को और भी उन्नत बनाने के लिए जोर दिया और इसमें कुछ सुधार और शब्दावली को बेहतर बनाया गया। भारत के साथ-साथ देवनागरी भाषा अन्य कई देशों में बोली जाती है। मॉरीशस, फिजी, सूरीनाम, गुयाना, त्रिनिदाद एवं टोबैगो और नेपाल, युगांडा, यमन, न्यूजीलैंड आदि देशों में भी हिन्दी भाषी लोगों ने हिन्दी का परचम उठा रखा है।

यहां की आधिकारिक भाषा है ‘हिन्दी’

विश्व में चौथे स्थान पर सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा ‘हिन्दी’ केवल भारत की ही नहीं, बल्कि दक्षिण प्रशांत महासागर क्षेत्र में ‘फिजी’ नामक द्वीपीय देश की आधिकारिक भाषा के रूप में दर्जा प्राप्त है।

भारत में 66 फीसदी लोग बोलते हैं ‘हिन्दी’

वर्ष 1997 में हुए एक सर्वेक्षण में पाया गया था कि भारत में 66 फीसदी लोग हिन्दी बोलते हैं, जबकि 77 प्रतिशत इसे समझ लेते हैं। डिजिटल माध्यम में 2016 में हिन्दी समाचार पढ़ने वालों की संख्या 5.5 करोड़ थी, जो 2021 में बढ़कर 14.4 करोड़ होने का अनुमान है।

हिन्दी दिवस पर पुरस्कार

हिन्दी दिवस के अवसर पर भारत के राष्ट्रपति हिन्दी साहित्य से जुड़े कई लोगों को पुरस्कार प्रदान करते हैं और उनको सम्मानित करते हैं। हिन्दी दिवस के अवसर पर राजभाषा कीर्ति पुरस्कार, और राजभाषा गौरव पुरस्कार जैसे पुरस्कार दिए जाते हैं।

कंप्यूटर युग हिन्दी के प्रचार-प्रसार में आई तेजी

दुनिया के कंप्यूटर युग में बदलने के बाद हिन्दी का प्रचार-प्रसार अत्यधिक तेजी से हुआ। कई तकनीकी विषयों की हिन्दी में पढ़ाई ने हिन्दी के प्रसार को नया आयाम दिया है। हिन्दी के प्रभाव क्षेत्र का यह कारवां आज यहां तक पहुंच गया है कि अंग्रेजी, स्पेनिश और मंदारिन के बाद हिन्दी दुनिया की चौथी सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा है।

सोशल मीडिया पर अपडेट्स के लिए Facebook (https://www.facebook.com/industrialpunch) एवं Twitter (https://twitter.com/IndustrialPunchपर Follow करें …

  • Website Designing