रायपुर, 27 सितम्बर। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर जनरेशन कंपनी (CGSPGCL) की महत्वाकांक्षी 1320 मेगावॉट (MW) क्षमता की कोरबा सुपर क्रिटिकल ताप विद्युत परियोजना के क्रियान्वयन हेतु स्टेट पॉवर जनरेशन कंपनी द्वारा इंडियन रेलवे फाइनेंस कारपोरेशन (IRFC) से 12,640 करोड़ रुपये का ऋण अनुबंध हस्ताक्षरित किया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस परियोजना का कार्यारंभ मार्च 2025 में किया गया था। इस कार्य को गति देने के लिये वित्त व्यवस्था का कार्य तेजी से किया जा रहा था जिसमें महत्वपूर्ण सफलता मिली और ऋण अनुबंध निष्पादित किया गया।
इसमें पॉवर कंपनी की ओर से संदीप मोदी, कार्यपालक निदेशक (वित्त) एवं सीएल नेताम कार्यपालक निदेशक (परियोजना) एवं आईआरएफसी की ओर से श्री नव गोयल (महाप्रबंधक) द्वारा रायपुर में शुक्रवार को अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए।
लंबी अवधि एवं कम दरों पर प्राप्त ऋण से परियोजना को वित्तीय स्थिरता प्राप्त होगी एवं परियोजना को समय पर पूर्ण करने में मदद मिलेगी।
कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रदेश के ऊर्जा सचिव तथा जनरेशन कंपनी के अध्यक्ष डॉ .रोहित यादव द्वारा प्रसन्नता व्यक्त की गई व देश की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने हेतु हर संभव प्रयास करने पर प्रतिबद्धता जाहिर की गई।









