जबलपुर, 25 अप्रैल। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड (MPPGCL) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की शुरुआत एक नई ऊर्जा, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्टता के साथ करते हुए अपने प्रदर्शन की नई इबारत लिखनी प्रारंभ कर दी है। कंपनी की उत्पादन इकाइयों ने न केवल सतत एवं विश्वसनीय विद्युत उत्पादन की प्रतिबद्धता को दोहराया है, बल्कि वित्तीय वर्ष के पहले ही महीने में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित कर यह सिद्ध कर दिया है कि कंपनी निरंतर प्रगति और रिकॉर्ड स्थापित करने की दिशा में अग्रसर है।
इसी क्रम में संजय गांधी ताप विद्युत गृह बिरसिंगपुर की 210 मेगावाट क्षमता की यूनिट नंबर 2 ने 24 अप्रैल 2026 को लगातार 100 दिनों तक निर्बाध विद्युत उत्पादन कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह इकाई 14 जनवरी 2026 से सतत संचालन में है और इस अवधि के दौरान इसके प्रदर्शन ने तकनीकी दक्षता और परिचालन उत्कृष्टता के नए मानदंड स्थापित किए हैं।
विश्वसनीयता के रिपोर्ट कार्ड में अव्वल: इस उपलब्धि के दौरान इकाई ने 92.03 प्रतिशत का प्लांट उपलब्धता कारक (Plant Availability Factor) एवं 80.65 प्रतिशत का प्लांट लोड फैक्टर (Plant Load Factor) बनाए रखते हुए अव्वल स्तर की विश्वसनीयता और दक्षता का प्रदर्शन किया है। ये आंकड़े न केवल इकाई की तकनीकी सुदृढ़ता को दर्शाते हैं, बल्कि संचालन, अनुरक्षण एवं सहयोगी विभागों के बीच प्रभावी समन्वय और टीमवर्क का भी सशक्त प्रमाण हैं।
उपलब्धियों से सशक्त हो रही विश्वसनीयता : कंपनी के प्रबंध संचालक श्री मनजीत सिंह ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर संपूर्ण टीम को हार्दिक बधाई देते हुए उनके समर्पण, अनुशासन और पेशेवर दक्षता की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां हमारे उद्देश्य को और अधिक सुदृढ़ बनाती हैं और राज्य के ऊर्जा क्षेत्र में कंपनी की विश्वसनीयता को और अधिक सशक्त करती हैं। उन्होंने टीम को भविष्य में भी इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ नए कीर्तिमान स्थापित करने हेतु प्रेरित किया।
डायरेक्टर टेक्निकल श्री सुबोध निगम ने संजय गांधी ताप विद्युत गृह के कार्यपालक निदेशक (उत्पादन) श्री एच. के. त्रिपाठी एवं उनकी संपूर्ण टीम को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्युत गृह के कार्मिकों एवं ठेका श्रमिकों की प्रतिबद्धता, मेहनत और उत्कृष्ट कार्य निष्पादन का प्रत्यक्ष उदाहरण है, जिससे कंपनी को गर्व की अनुभूति होती है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम माह में ही इस प्रकार की उपलब्धि यह स्पष्ट संकेत है कि मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी की कार्यप्रणाली में अब एक नई ऊर्जा का प्रवाह हो रहा है जिसका सृजन कार्मिकों की प्रतिबद्धता, काबिलियत और कर्मठता के द्वारा हो रहा है। मध्यप्रदेश पावर कंपनी आगामी समय में भी उत्पादन, विश्वसनीयता और दक्षता के नए मानक स्थापित करते हुए प्रदेश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति में निःसंदेह अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join









