औद्योगिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता होती है। इसी उद्देश्य को साकार करने की दिशा में एसईसीएल कोरबा क्षेत्र अंतर्गत मानिकपुर कोलियरी द्वारा अंतर उप-क्षेत्रीय प्रथमोपचार प्रतियोगिता–2025 का सफल एवं प्रभावशाली आयोजन किया गया।
इसे भी पढ़ें : वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड में इंटर एरिया ड्रिल प्रतियोगिता
यह प्रतियोगिता कर्मचारियों में प्राथमिक उपचार संबंधी ज्ञान को सुदृढ़ करने के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया के महत्व को भी रेखांकित करती है।
प्रतियोगिता में कोरबा क्षेत्र की विभिन्न उप-क्षेत्रीय इकाइयों से आई टीमों के लगभग 80 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि के रूप में पहली बार महिला टीम द्वारा स्ट्रेचर ड्रिल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित अतिथियों, श्रमिक संघ प्रतिनिधियों एवं दर्शकों द्वारा विशेष सराहना प्राप्त हुई। साथ ही ठेका श्रमिकों की टीमों द्वारा भी सराहनीय प्रदर्शन किया गया।

इस अवसर पर प्राथमिक विद्यालय के लगभग 500 विद्यार्थियों एवं महिलाओं के समक्ष प्रतिभागियों द्वारा दुर्घटना की स्थिति में प्राथमिक उपचार, रक्तस्राव नियंत्रण, फ्रैक्चर प्रबंधन, सीपीआर, कृत्रिम श्वसन एवं अन्य आपातकालीन प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया, जिससे समाज में सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को बढ़ावा मिला।
प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में टीमवर्क, समयबद्धता एवं सटीक निर्णय क्षमता का भी मूल्यांकन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित मुख्य अतिथि श्री आर.के. गुप्ता, क्षेत्रीय महाप्रबंधक, कोरबा क्षेत्र ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए मानिकपुर कोलियरी प्रबंधन की सराहना की।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सुरक्षा संस्कृति को सुदृढ़ करने के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं प्रतिस्पर्धात्मक कार्यक्रमों का नियमित आयोजन अत्यंत आवश्यक है।
इसे भी पढ़ें : BPCL : कोल गैसीफिकेशन प्रोजेक्ट लगाने CIL के साथ जॉइंट वेंचर को मंजूरी
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिसमें मानिकपुर कोलियरी की टीम को ओवरऑल विजेता घोषित किया गया।
यह आयोजन एसईसीएल में सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं आपातकालीन तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join









