रायपुर। IndustrialPunch : केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने 2 नवंबर को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के कार्यनिष्पादन की समीक्षा की। बैठक में केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे भी उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान कंपनी के परिचालन प्रदर्शन, कोयला उत्पादन और प्रेषण (डिस्पैच) की स्थिति के साथ भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा की गई।
इसे भी पढ़ें: कोयला खनन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 50 खदानों को स्टार रेटिंग पुरस्कारों से किया गया सम्मानित
बैठक में SECL के कोयला उत्पादन, उत्पादकता, कोयला प्रेषण, आगामी उत्पादन लक्ष्य एवं कार्ययोजनाओं, खनन परियोजनाओं के विस्तार, आधारभूत संरचना विकास, पर्यावरण प्रबंधन, वित्तीय प्रदर्शन, राजस्व, खदान सुरक्षा और कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) से जुड़े विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई।
केंद्रीय मंत्री ने परिचालन दक्षता मजबूत करने, कोयला उत्पादन में तेजी लाने और समय पर कोयला प्रेषण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके साथ ही उत्पादन एवं परिवहन से जुड़ी चुनौतियों की पहचान कर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाने पर चर्चा हुई, ताकि कोयले की निरंतर आपूर्ति बनी रहे।
परियोजना विस्तार और बुनियादी ढांचे पर चर्चा
समीक्षा बैठक में खनन परियोजनाओं के विस्तार, आधारभूत संरचना के विकास और कोयला परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के मुद्दे भी शामिल रहे। परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में पर्यावरण प्रबंधन, खदानों में सुरक्षा मानकों के पालन और CSR गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन और राजस्व से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
कोयला क्षेत्र और ऊर्जा सुरक्षा पर प्रतिबद्धता
बैठक के बाद केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि SECL के परिचालन प्रदर्शन, कोयला उत्पादन और डिस्पैच की समीक्षा की गई तथा भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा हुई। उन्होंने परिचालन दक्षता मजबूत करने, उत्पादन में तेजी लाने और समयबद्ध कोयला आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने देश के कोयला क्षेत्र को मजबूत करने, ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को गति देने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
इसे भी पढ़ें: 52वें स्थापना दिवस पर कोल इंडिया को मिली नई ब्रांड पहचान, नए ‘Logo’ का अनावरण
वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में कोयला मंत्रालय के अपर सचिव सनोज कुमार झा, कोल इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष बी. साईराम, SECL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी-संचालन) रमेश चंद्र महापात्र और निदेशक (तकनीकी-योजना एवं परियोजना) नृपेंद्र नाथ उपस्थित रहे।
इसके अलावा SECL के सभी परिचालन क्षेत्रों के महाप्रबंधक, मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी तथा कोयला मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
- Join the IndustrialPunch WhatsApp Group:Click here
- industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here









