Advertisement

बिहार, 16 जून। केंद्र सरकार की युवाओं के सेना में भर्ती के लिए अग्निपथ योजना का बिहार में गुरुवार को भी जोरदार विरोध हुआ। प्रदर्शनकारी युवाओं ने छपरा और कैमूर में पैसेंजर ट्रेन में आग लगा दी। बताया गया है कि छपरा जंक्शन पर करीब 12 गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई है।

प्रदर्शन के कारण रेल यातायात ठप हो गया है। रेलवे स्टेशन पर अफरातफरी का माहौल है। इसी तरह बिहार के ही मुंगेर और जहानाबाद में भी प्रदर्शन हुआ। जहानाबाद में पटना- गया रेलखंड में ट्रेन को रोका गया। इस दौरान केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और अग्निपथ योजना को वापस लेने की मांग की गई।

आरा में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। बक्सर में भी विरोध प्रदर्शन चल रहा है।

जहानाबाद में एक प्रदर्शनकारी युवा ने कहा कि हम कड़ी मेहनत करने के बाद सेना में भर्ती होते हैं। प्रधानमंत्री निर्णय ले रहे हैं कि 4 साल की नौकरी होगी। किस हिसाब से 4 साल की नौकरी होगी क्योंकि 8 महीने की ट्रेनिंग और 6 महीने की छुट्टी होगी तो लगभग 3 साल में हम देश की क्या रक्षा करेंगे। यह निर्णय वापस लेना होगा।

Advertisement

बुधवार को मुजफ्फरपुर और बेगूसराय में छात्र विरोध में सड़क पर उतरे और हंगामा किया था। बक्सर में भी छात्रों द्वारा रेलवे ट्रैक जाम कर प्रदर्शन किया गया था।

सोशल मीडिया पर अपडेट्स के लिए Facebook (https://www.facebook.com/industrialpunch) एवं Twitter (https://twitter.com/IndustrialPunchपर Follow करें …

 

Advertisement