नागपुर/बल्लारपुर, 26 जून (IndustrialPunch Desk) : वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे ने बल्लारपुर क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान विभिन्न परियोजनाओं एवं खदानों का निरीक्षण कर उनकी प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों को तय समय-सीमा में पूरा करने, सुरक्षित खनन संचालन सुनिश्चित करने तथा कोयला उत्पादन बढ़ाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
इसे भी पढ़ें: WCL : बीएमएस यूनियन ने सीएमडी के साथ किया संवाद, श्रमिकों की ज्वलंत समस्याओं पर हुई चर्चा
दौरे के दूसरे चरण में डॉ. पांडे ने धोपताला खदान का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने भूमिगत (अंडरग्राउंड) खदान को ओपनकास्ट खदान में परिवर्तित करने की महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि यहां से जल्द से जल्द कोयला उत्पादन प्रारंभ किया जा सके।
इसके बाद डॉ. पांडे ने सास्ती ओपनकास्ट माइंस (OCM) का दौरा किया। यहां उन्होंने आगामी मानसून को देखते हुए की गई तैयारियों, सुरक्षा प्रबंधन व्यवस्था तथा उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान भी खनन कार्य निर्बाध रूप से संचालित हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।
निरीक्षण के दौरान WCL CMD ने कहा कि सुरक्षित खनन संचालन कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सुरक्षा मानकों को और अधिक मजबूत बनाने, आधुनिक तकनीकों का उपयोग बढ़ाने तथा उत्पादन लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना अपनाने पर जोर दिया।
इसे भी पढ़ें: WCL को 32 करोड़ रुपये की चपत! कोयला सैंपल और लैब रिपोर्ट में कथित हेराफेरी, दो अधिकारियों पर FIR
इस अवसर पर डॉ. हेमंत शरद पांडे ने सास्ती OCM में नव-निर्मित प्रबंधक कार्यालय का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि नया कार्यालय क्षेत्र के प्रशासनिक एवं परिचालन कार्यों को अधिक दक्ष, सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join
IndustrialPunch | The Voice of Industry & Workforce









