नागपुर। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) मुख्यालय, नागपुर में 25 जून को भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ (BMS) और कंपनी प्रबंधन के बीच परिचय एवं संवाद बैठक आयोजित की गई। बैठक में WCL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) हेमंत शरद पांडे, निदेशक (मानव संसाधन) श्री घोष, महाप्रबंधक (औद्योगिक संबंध) श्री लाल तथा उनकी पूरी टीम उपस्थित रही।
इसे भी पढ़ें: BCCL में अनुकंपा नौकरी पाने की लालच में बेटे ने कराई पिता की हत्या, 10 लाख की सुपारी देकर रची खौफनाक साजिश
बैठक में भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ के सभी कंपनी स्तरीय कमेटी सदस्य, विभिन्न क्षेत्रों के अध्यक्ष एवं महामंत्री शामिल हुए। इस दौरान क्षेत्रीय प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े श्रमिकों की ज्वलंत समस्याओं एवं लंबित मांगों को प्रबंधन के समक्ष विस्तार से रखा।
संगठन के कंपनी स्तरीय प्रतिनिधियों ने सुरक्षा, श्रमिक कल्याण एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए कई प्रमुख मांगें उठाईं। इनमें चुनाव के दौरान कराए गए कार्यों का लंबित भुगतान, चंद्रपुर एवं बल्लारपुर क्षेत्रों में अंडरग्राउंड से ओपनकास्ट (OC) माइंस में कार्यरत कर्मचारियों की पदोन्नति, पुरानी कॉलोनियों को हटाकर नई आधुनिक कॉलोनियों का निर्माण, कान्हान की प्रस्तावित खदान को शीघ्र शुरू करना, पेंच क्षेत्र की झुरई कॉलोनी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना, फ्लावरवेल स्कूल के अनुदान में वृद्धि, केंद्रीय चिकित्सालय बड़कुई में ब्लड बैंक एवं आईसीयू की शुरुआत तथा वर्ष 2016 में चयनित ट्रेनी कर्मचारियों को ग्रेड-III में नियमित किए जाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल रहे।
इसके अलावा मुख्यालय में संचालित डिस्पेंसरी को तीनों शिफ्टों में संचालित करने तथा मुख्यालय कॉलोनी के पुनर्निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। इस पर प्रबंधन ने तत्काल सकारात्मक निर्णय लेते हुए डिस्पेंसरी को दो शिफ्टों में संचालित करने की घोषणा की।
इसे भी पढ़ें: JBCCI-XII के गठन में देरी: कोल इंडिया प्रबंधन ने पांचों यूनियन से आंदोलन टालने की अपील की
बैठक के दौरान CMD हेमंत शरद पांडे ने संगठन को आश्वस्त किया कि जिन मांगों पर कंपनी स्तर पर कार्रवाई संभव होगी, उन पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक एवं उचित कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने श्रमिक हितों से जुड़े विषयों पर प्रबंधन की सकारात्मक सोच दोहराते हुए संगठन के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें श्रमिक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत एवं सकारात्मक चर्चा हुई।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join
IndustrialPunch | The Voice of Industry & Workforce









