रायपुर (आईपी न्यूज)। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ राज्य ने मेंबरशिप के मामले में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। छत्तीसगढ़ पूरे देश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। राष्ट्रीय मुख्यालय में आयोजित एक समारोह में वर्ष 2018-19 में ओवरआल विंग में सेंसस वृद्धि के लिए द्वितीय स्थान का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। सेंसेस वृद्धि में प्रथम स्थान पर महाराष्ट्र रहा। यहां बताना होगा कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के अतंर्गत छह विंग क्रियाशील हैं। छत्तीसगढ़ को पूरे देश में बुलबुल सेक्शन में सेंसस बढ़ोतरी के लिए प्रथम स्थान मिला है। रेंजर में दूसरा तथा रोवर एवं गाइड सेक्शन में तृतीय स्थान प्राप्त हुआ है। इस तह ओवरआल सेंसस वृद्धि के लिए प्रदेश दूसरे नम्बर पर रहा। छत्तीसगढ़ ने हरियाणा, राजस्थान, कर्नाटक जैसे स्काउटिंग के क्षेत्र के सक्रिय राज्यों को पछाड़ते हुए यह मुकाम प्राप्त किया है। सभी प्रमाण भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ राज्य मुख्य आयुक्त एवं विधायक विनोद सेवनलाल चन्द्राकर तथा राज्य सचिव कैलाश सोनी ने राष्ट्रीय पदाधिकारियों के हाथों हासिल किया। देश में स्काउटिंग के 54 राज्य कार्यरत हैं। इसमें भारत के राज्यों के अलावा रेलवे, केन्द्रीय विद्यालय आदि भी स्काउट गाइड राज्य के रूप में शामिल हैं।

  • Website Designing