कोरबा | IndustrialPunch : कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) में GATE-2025 के आधार पर मैनेजमेंट ट्रेनी (माइनिंग) भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी को लेकर अभ्यर्थियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। GATE-2025 में सफल उम्मीदवारों का कहना है कि आवेदन प्रक्रिया समाप्त हुए लगभग दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक प्रोविजनल चयन सूची (Provisionally Selected Candidates List) जारी नहीं की गई है।
इसे भी पढ़ें: “सुरक्षा पर जीरो टॉलरेंस” : कोल इंडिया ने दिए सख्त निर्देश, 62वीं सेफ्टी बोर्ड बैठक में बड़ा संदेश
अभ्यर्थियों के अनुसार, कोल इंडिया ने वर्ष 2024 में GATE-2025 के माध्यम से भर्ती का प्रारंभिक नोटिस जारी किया था। इसके बाद GATE-2025 परीक्षा फरवरी 2025 में आयोजित हुई और 19 मार्च 2025 को परिणाम घोषित किए गए। विस्तृत भर्ती विज्ञापन 5 मई 2026 को जारी हुआ, जबकि ऑनलाइन आवेदन 8 मई से 7 जून 2026 तक लिए गए।
इसके बावजूद अब तक चयन सूची जारी नहीं होने से हजारों अभ्यर्थी भविष्य को लेकर असमंजस में हैं।
उम्मीदवारों की प्रमुख चिंताएं
अभ्यर्थियों का कहना है कि कई उम्मीदवारों की रैंक चयन की संभावित सीमा में है। ऐसे में वे न तो उच्च शिक्षा में प्रवेश ले पा रहे हैं और न ही निजी कंपनियों में नौकरी स्वीकार कर रहे हैं।
उम्मीदवारों के अनुसार, यदि वे उच्च शिक्षा में दाखिला लेते हैं और बाद में कोल इंडिया से चयन हो जाता है तो बीच सत्र में पढ़ाई छोड़नी पड़ेगी। वहीं, कई निजी कंपनियां कार्यरत उम्मीदवारों से NOC (No Objection Certificate) मांगती हैं, जिसके कारण कुछ अभ्यर्थियों ने अपनी वर्तमान नौकरी भी छोड़ दी है।
RTI और ई-मेल का भी नहीं मिला स्पष्ट जवाब
अभ्यर्थियों का आरोप है कि उन्होंने भर्ती प्रक्रिया की स्थिति जानने के लिए सूचना का अधिकार (RTI) के तहत आवेदन किए, लेकिन उन्हें यह कहकर जवाब दिया गया कि उनका आवेदन सूचना के बजाय “प्रश्न” की श्रेणी में आता है और RTI अधिनियम के अंतर्गत नहीं माना जा सकता। वहीं, ई-मेल के माध्यम से भेजे गए पत्रों का भी कोई जवाब नहीं मिला।
उम्मीदवारों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कंपनी को समय-समय पर आधिकारिक अपडेट जारी करने चाहिए, ताकि अभ्यर्थियों की अनिश्चितता समाप्त हो सके।
इसे भी पढ़ें: कोल इंडिया ने खोला निवेश का खजाना! पहली तिमाही में ₹3,399 करोड़ का Capex, नई खदानों पर बड़ा दांव
अभ्यर्थियों की मांग
- प्रोविजनल चयन सूची शीघ्र जारी की जाए।
- भर्ती प्रक्रिया की वर्तमान स्थिति पर आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक की जाए।
- चयन प्रक्रिया की संभावित समय-सीमा घोषित की जाए।
- अभ्यर्थियों के प्रश्नों का ई-मेल या अन्य माध्यम से स्पष्ट उत्तर दिया जाए।
अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती में पारदर्शिता और समयबद्ध प्रक्रिया से ही योग्य उम्मीदवारों का विश्वास कायम रहेगा।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join
IndustrialPunch | The Voice of Industry & Workforce









