सिंगरौली | IndustrialPunch : नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) की ककरी परियोजना में मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर कोयला श्रमिक सभा ने बुधवार को विशाल विरोध प्रदर्शन किया। सैकड़ों श्रमिकों ने बाइक रैली निकालकर महाप्रबंधक (GM) कार्यालय का घेराव किया और विभिन्न मांगों को लेकर प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
यूनियन ने आरोप लगाया कि श्रमिक कॉलोनियों में लंबे समय से दूषित पेयजल, घरेलू गैस सिलेंडर वितरण में अनियमितता, अस्पताल तक परिवहन सुविधा की कमी तथा स्कूली बच्चों के लिए जर्जर बसों का संचालन जैसी समस्याएं बनी हुई हैं, लेकिन प्रबंधन की ओर से कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।
यूनियन की प्रमुख मांगें
- श्रमिक कॉलोनियों में दूषित पानी की आपूर्ति तत्काल बंद कर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
- घरेलू गैस सिलेंडरों के वितरण में व्याप्त अव्यवस्था को तत्काल दूर किया जाए।
- नेहरू चिकित्सालय (NSC) आने-जाने के लिए नियमित एवं पर्याप्त बस सेवा शुरू की जाए।
- बच्चों के लिए संचालित जर्जर एवं कबाड़ हो चुकी स्कूल बसों को हटाकर सुरक्षित एवं बेहतर बसों की व्यवस्था की जाए।
बाइक रैली के बाद GM कार्यालय का घेराव
कोयला श्रमिक सभा के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने ककरी परियोजना क्षेत्र में जन-जागरण बाइक रैली निकाली। इसके बाद महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया और प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा।
इन नेताओं के नेतृत्व में हुआ आंदोलन
प्रदर्शन का नेतृत्व केंद्रीय अध्यक्ष बी. एन. सिंह, केंद्रीय महामंत्री अशोक कुमार पाण्डेय, संयुक्त महामंत्री कमलेश्वर पटेल, ककरी परियोजना के अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव तथा सचिव सुमंत राय सहित केंद्रीय समिति और विभिन्न परियोजनाओं के पदाधिकारियों ने किया।
NCL मुख्यालय घेराव की चेतावनी
कोयला श्रमिक सभा ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय के भीतर पेयजल, गैस वितरण, परिवहन और स्कूल बसों से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संगठन NCL मुख्यालय का विशाल घेराव और धरना-प्रदर्शन करेगा।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join
IndustrialPunch | The Voice of Industry & Workforce









