कोरबा | Industrial Punch : साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) में कर्मचारियों को 14.5 किलोग्राम गैस सिलेंडर के भुगतान को लेकर सवाल उठाए गए हैं। हिंद मजदूर सभा के प्रतिनिधि एवं हिंद खदान मजदूर फेडरेशन के सहायक महासचिव अख्तर जावेद उस्मानी ने प्रबंधन का ध्यान प्रत्येक कर्मचारी को कथित तौर पर ₹89 कम भुगतान किए जाने की ओर आकर्षित करते हुए बकाया राशि के एरियर्स भुगतान की मांग की है।
इसे भी पढ़ें: JBCCI- XII पर कोयला मजदूर पंचायत की हुंकार! 10 अगस्त को SECL के सभी क्षेत्रों में होगा जोरदार प्रदर्शन
35,800 कर्मचारियों पर असर का दावा
अख्तर जावेद उस्मानी के अनुसार, SECL के करीब 35,800 कर्मचारियों को गैस सिलेंडर मद में प्रति माह ₹89 कम भुगतान हो रहा है। उनके मुताबिक इससे करीब ₹31.88 लाख प्रतिमाह की राशि कम बनती है, जो सालाना आधार पर करीब ₹3.83 करोड़ तक पहुंच सकती है।
जुलाई 2026 के भुगतान को लेकर उठाया सवाल
उस्मानी ने बताया कि जुलाई 2026 में सरकार की ओर से गैस सिलेंडर की कीमत ₹982.38 बताई गई, जबकि राज्य और केंद्र सरकार के GST के रूप में ₹24.56-₹24.56 का भुगतान किया गया। इसके बावजूद SECL कर्मचारियों को ₹942.50 का भुगतान किए जाने का दावा किया गया है। उनका कहना है कि इस अंतर के कारण प्रत्येक कर्मचारी को ₹89 कम मिल रहा है।
पहले भी कम भुगतान का आरोप
अख्तर जावेद उस्मानी ने दावा किया कि पूर्व में भी कर्मचारियों को इस मद में कम भुगतान किए जाने की स्थिति सामने आती रही है। श्रमिकों की आपत्ति के बाद भुगतान में सुधार किया गया, लेकिन उनके अनुसार पिछली कम भुगतान राशि का एरियर्स सभी कर्मचारियों को नहीं दिया गया।
NCWA की धारा 5.2.7 का दिया हवाला
उन्होंने राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौता (NCWA) की धारा 5.2.7 का हवाला देते हुए कहा कि कोयले के बदले 14.5 किलोग्राम गैस सिलेंडर के सरकारी मूल्य के बराबर राशि का भुगतान प्रत्येक माह कर्मचारियों को किया जाना चाहिए। उन्होंने इसे वेतन समझौते के प्रावधानों से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए SECL प्रबंधन से तत्काल सुधार की मांग की है।
इसे भी पढ़ें: कोयले के बाद अब Iron Ore पर Coal India की नजर! ओडिशा के Gadadharpur ब्लॉक में बड़ी एंट्री
बकाया भुगतान के आदेश की मांग
अख्तर जावेद उस्मानी ने SECL के महाप्रबंधक, मानव संसाधन प्रबंधन से इस मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रबंधन समस्या का समाधान करते हुए पिछली बकाया राशि के भुगतान के आदेश जल्द जारी करेगा।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join
IndustrialPunch | The Voice of Industry & Workforce









