कोरबा, 28 अगस्त। नेशनल थर्मल पॉवर कॉरपोरेशन लिमिटेड (NTPC), कोरबा संयंत्र में एक सप्ताह पहले एक हादसा हुआ था। इसमें ठेका श्रमिक की मौत हो गई थी, लेकिन प्रबंधन ने मामले को दबा दिया था।
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एनटीपीसी का 2600 मेगावाट क्षमता वाला संयंत्र प्रचालन में है। industrialpunch.com को मिली जानकारी के अनुसार 22 अगस्त, 2025 को संयंत्र के CW स्टेज II में क्रेन स्टालेशन का काम चल रहा था। बताया गया है कि इस कार्य का ठेका रेवा इंडस्ट्रीज को मिला हुआ है। कार्य के दौरान कृष नामक ठेका श्रमिक ऊंचाई से लोहे के रेलिंग इत्यादि से टकराते हुए नीचे गिर गया। इस हादसे में कृष गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया गया है कि कृष की उम्र 18 से 19 साल के बीच थी। घायल अवस्था में कृष को एनटीपीसी, कोरबा के विभागीय हॉस्पिटल में ले जाया गया। उसकी गम्भीर अवस्था को देखते हुए शहर के चर्चित न्यू कोरबा हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो।
बताया गया है मृतक ठेका श्रमिक हरियाणा का रहने वाला था। शव को अस्पताल से ही हरियाणा भेज दिया गया। सूत्रों के मुताबिक यह हादसा सुरक्षा में अनदेखी के कारण हुआ है। मृतक ने सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट धारण किया था या नहीं इसको लेकर आशंका की स्थिति है।
एनटीपीसी प्रबंधन ने मामले को दबाया
एनटीपीसी, कोरबा प्रबंधन 22 अगस्त, 2025 को हुई घटना को दबाने का प्रयास किया। मीडिया को इसकी भनक नहीं लगने दी गई। मामले में संभवतः पुलिस ने मर्ग कायम किया है, लेकिन एफआईआर दर्ज हुई है या नहीं इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है।
लापरवाही के कारण हुआ हादसा : सहायक संचालक
औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के सहायक संचालक विजय पोटाई ने इस संदर्भ में industrialpunch.com से चर्चा करते हुए बताया कि घटना 22 अगस्त, 2025 की है। प्रथम दृष्टया जांच में लापरवाही सामने आई है, जिसके कारण ठेका श्रमिक की ऊंचाई से गिरकर मौत हो गई। विजय पोटाई ने कहा कि अभी जांच चल रही है।
एनटीपीसी प्रबंधन ने अधिकृत वक्तव्य नहीं दिया
घटना के संदर्भ में जानकारी स्पष्ट करने और अधिकृत वक्तव्य के लिए एनटीपीसी, कोरबा के प्रोजेक्ट हेड को ईमेल किया गया तथा PRO को व्हाट्सएप पर संदेश भेजा गया, लेकिन 18 घण्टे बीत जाने के बाद भी अधिकृत वक्तव्य नहीं दिया गया। अंततः समाचार का प्रकाशन किया गया।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join









