कोरबा | IndustrialPunch : एसईसीएल कोरबा क्षेत्र में श्रमिक राजनीति के बीच बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। रजगामार उपक्षेत्र में एटक (AITUC) को उस समय बड़ा झटका लगा, जब उसके वरिष्ठ नेता एवं उपक्षेत्र सचिव कमर बक्श के नेतृत्व में लगभग 60 सदस्यों ने एटक का साथ छोड़कर एसईकेएमसी (इंटक) की सदस्यता ग्रहण कर ली।
इंटक यूनियन के अनुसार, एटक के रजगामार अध्यक्ष विशाल मुण्डा, जेसीसी सदस्य एम. रहमान, कल्याण समिति सदस्य लक्ष्मी श्रीवास, पिट सेफ्टी कमेटी सदस्य दुर्गा श्रीवास सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने इंटक की कार्यशैली से प्रभावित होकर यह निर्णय लिया। सभी ने एसईकेएमसी (इंटक) के केंद्रीय अध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह की उपस्थिति में यूनियन की सदस्यता ग्रहण की।
यह सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम 18 जुलाई 2026 को रजगामार स्थित माता कर्मा भवन में आयोजित एसईकेएमसी (इंटक) कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसईकेएमसी (इंटक) के केंद्रीय अध्यक्ष एवं एसईसीएल संचालन समिति के सदस्य गोपाल नारायण सिंह उपस्थित रहे। उनके साथ केंद्रीय कोषाध्यक्ष संदीप चौधरी, कोरबा क्षेत्र के महामंत्री संदीप राय, कुसमुण्डा क्षेत्र के अध्यक्ष बीएल महंत (राजवीर) तथा कार्यकारी अध्यक्ष सुरजीत सिंह (हैप्पी) भी मंच पर मौजूद रहे।
सम्मेलन के दौरान इंटक रजगामार के अध्यक्ष राजेश साहू और सचिव अफजल हुसैन ने सभी नए सदस्यों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया और उन्हें यूनियन की सदस्यता दिलाई। कार्यक्रम के अंत में रजगामार इंटक के कार्यकारी अध्यक्ष जनक राम राठौर ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join
IndustrialPunch | The Voice of Industry & Workforce









