खान सुरक्षा महानिदेशालय तथा वेकोलि के संयुक्त तत्वावधान में कल 16 जनवरी, 2026 को वार्षिक खान सुरक्षा पखवाड़ा 2025 के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में खान सुरक्षा महानिदेशक श्री उज्ज्वल ता, खान सुरक्षा महानिदेशालय, भारत सरकार मुख्य अतिथि तथा वेकोलि के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री जय प्रकाश द्विवेदी अध्यक्ष रहे। कार्यक्रम के विशिष्ठ अतिथि खान सुरक्षा उपमहानिदेशक, पश्चिम झोन श्री रामअवतार मीणा थे।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री जे. पी. द्विवेदी ने खनन कार्य में सुरक्षा को जीवन-शैली के रूप में अपनाने पर बल देते हुए कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही शून्य दुर्घटना का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने नई तकनीक, समुचित प्रशिक्षण, जागरूकता तथा सुरक्षा नियमों के कड़ाई से पालन पर विशेष जोर दिया। मुख्य अतिथि श्री उज्ज्वल ता ने वेकोलि द्वारा सुरक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए सुरक्षा को दैनिक कार्यों का अभिन्न अंग बनाने तथा नई तकनीक एवं स्टैण्डर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) के माध्यम से सुरक्षित रूप से उत्पादन लक्ष्य प्राप्त करने की बात कही।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुरक्षा ध्वजारोहण एवं सुरक्षा ज्योति के प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। वेकोलि के शहीद कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मौन रखा गया। सुरक्षा शपथ का वाचन एवं स्वागत उद्बोधन श्री दिनेश बिसेन, महाप्रबंधक (सुरक्षा/रेस्क्यू) द्वारा किया गया। इस अवसर पर सुरक्षा प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसमें वेकोलि के सभी क्षेत्रों द्वारा सुरक्षा संबंधी स्टॉल लगाए गए, जिन्हें अतिथियों ने सराहा। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा स्मारिका का विमोचन भी किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मियों, खदानों एवं क्षेत्रों को सम्मानित किया गया। ‘डी. जे. देशमुख मेमोरियल अवॉर्ड’ बल्लारपुर क्षेत्र के श्री सुभाष दौलत चौधरी को प्रदान किया गया। नवाचार हेतु ‘भास्कर भट्टाचार्य मेमोरियल अवॉर्ड’ माजरी क्षेत्र की एन.एम. यूजी टू ओसी एवं चंद्रपुर क्षेत्र की दुर्गापुर ओ.सी. की संयुक्त टीम को दिया गया। सर्वोत्कृष्ट उत्खनन कार्यों हेतु ‘प्रकाश नंदन मेमोरियल अवॉर्ड’ नीलजई ओ.सी.एम, वणी क्षेत्र को तथा सर्वाधिक सुरक्षित क्षेत्र के लिए ‘सान्याल मेमोरियल अवॉर्ड’ उमरेड क्षेत्र को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में वेकोलि के निदेशक (वित्त) श्री बिक्रम घोष, निदेशक तकनीकी (संचालन/परियोजना एवं योजना) श्री आनंदजी प्रसाद, निदेशक (मानव संसाधन) डॉ. हेमंत शरद पांडे, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अजय मधुकर म्हेत्रे सहित खान सुरक्षा उपमहानिदेशक, पश्चिम ज़ोन तथा उत्तरी ज़ोन के निदेशकगण एवं उप निदेशकगण एवं खान सुरक्षा महानिदेशालय के वरिष्ठ अधिकारी गण, WCL संचालन समिति, वेकोलि सेफ्टी बोर्ड के सदस्य तथा झंकार महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती आभा द्विवेदी, उपाध्यक्षा श्रीमती रीना पांडे तथा मेघा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती उन्नति दातार की भी विशेष रूप से उपस्थिति रही। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन नागपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री हर्षद दातार ने किया।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join









