छत्तीसगढ़ : राजस्व मंत्री जयसिंह की चुनावी तैयारी शुरू! पत्नी की कांग्रेस नेत्रियों के साथ बस्तियों में दस्तक, तस्वीर वाला थैला और प्रसाद …

हालांकि इन तस्वीरों में जयसिंह अग्रवाल की मौजूदगी नहीं है। इसमें उनकी धर्मपत्नी एवं पूर्व महापौर रेणु अग्रवाल कांग्रेस नेत्रियों के साथ बस्तियों में दस्तक देतीं नजर आ रही हैं।

कोरबा, 19 मार्च। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को अभी करीब डेढ़ साल का वक्त है। संभवतः नवम्बर 2023 में ये चुनाव होंगे। इधर, राज्य के कद्दावर मंत्री जयसिंह अग्रवाल के सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पोस्ट की गईं कई तस्वीरें उनके चुनावी तैयारी की तरफ इशारा कर रही हैं।

हालांकि इन तस्वीरों में जयसिंह अग्रवाल की मौजूदगी नहीं है। इसमें उनकी धर्मपत्नी एवं पूर्व महापौर रेणु अग्रवाल कांग्रेस नेत्रियों के साथ बस्तियों में दस्तक देतीं नजर आ रही हैं। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री जयसिंह की तस्वीर वाले थैले में मिठाई के साथ तोहफे, जिसे प्रसाद नाम दिया गया है, वितरण किया जा रहा है। यह सिलसिला होली त्योहार के कई दिनों पहले से चल रहा है।

कोरबा विधानसभा क्षेत्र के बरडीमुड़ा, चंद्रपुर, बेलगिरी बस्ती, फायर कालोनी बस्ती, सतनाम नगर आदि इलाकों का भ्रमण किया जा चुका है। रेणु अग्रवाल भ्रमण के दौरान महिलाओं से संवाद कर रही हैं और उन्हें भेंट दी जा रही है।

यहां बताना होगा कि बस्ती इलाकों में खासकर महिलाओं के बीच जयसिंह अग्रवाल का खासा जनाधार है। वे रक्षाबंधन के दौरान भी बड़ा आयोजन करते हैं। दो साल से कोविड की वजह से यह आयोजन नहीं हो सका है। बड़ी संख्या में महिला समूह भी श्री अग्रवाल से जुड़े हुए हैं।

जयसिंह अग्रवाल बतौर मंत्री सरकार के अंग हैं। सत्ता में रहने से एक एंटी इनकंबेंसी की स्थिति भी रहती है। भाजपा भी धीरे- धीरे चुनावी मोड में आ रही है। राजस्व मंत्री श्री अग्रवाल पर भी विपक्षी नेताओं ने जुबानी हमले शुरू कर दिए हैं।

शायद इन सभी बातों को ध्यान में रखकर उन्होंने अपनी पत्नी और महिला कांग्रेस की टीम के माध्यम से फील्ड पर तैयारी शुरू कर दी हो। वैसे जयसिंह अग्रवाल माइक्रो मैनेजमेंट के लिए जाने जाते हैं।

2008 में कोरबा विधानसभा के अस्तित्व में आने के बाद से ही वे इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। 2008 के चुनाव में भाजपा के दिग्गज नेता बनवारीलाल अग्रवाल को हराया था। ये चुनाव बड़ा ही कश्मकश वाला था। महज 587 मतों के अंतर से जयसिंह अग्रवाल की जीत हुई थी। 2013 के चुनाव में महापौर रहे और भाजपा प्रत्याशी जोगेश लांबा को 14 हजार से ज्यादा वोटों से पराजित किया था।

श्री अग्रवाल ने 2018 के चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाई थी। इस चुनाव में उनके मुकाबले भाजपा के विकास महतो थे। इस चुनाव में लगभग 12 हजार के अंतर से विजय मिली थी।

सोशल मीडिया पर अपडेट्स के लिए Facebook (https://www.facebook.com/industrialpunch) एवं Twitter (https://twitter.com/IndustrialPunchपर Follow करें …

 

  • Website Designing