मंगलवार की दोपहर छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट (Vedanta power plant) में बड़ा हादसा हो गया। वेदांता थर्मल पॉवर प्लांट में बॉयलर के ट्यूब फटने से बड़ा हादसा हो गया है। मौके पर ही तीन श्रमिकों की झुलसने से मौत हो गई। 9 मजदूरों की मौत अस्पताल में हुई है। 10 की हालत गंभीर बताई गई है। घायलों को रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस में दाखिल कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में दोपहर करीब 2 बजे बॉयलर का ट्यूब ब्लास्ट हो गया। इसकी चपेट में आकर 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और प्रशासन अधिकारी मौके पर पहुंचे। मजदूरों के परिजनों एवं स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए।

प्रबंधन ने कहा
14 अप्रैल 2026 की दोपहर को सिंघीतराई प्लांट के एक बॉयलर यूनिट में एक घटना हुई, जिसमें सब-कॉन्ट्रैक्टर, NTPC GE Power Services Limited (NGSL) के कर्मचारी ऑपरेट और मेंटेन के कार्य में थे। प्रबंधन ने कहा कि पहली प्राथमिकता उन सभी लोगों को सबसे अच्छी मेडिकल मदद और इलाज देना है जो इससे प्रभावित हुए हैं। घायलों को पूरी मदद दे रहे हैं और मेडिकल टीमों और लोकल अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। प्रबंधन ने कहा कि घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। पार्टनर और संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर जांच शुरू कर दी गई है। इस मुश्किल समय में हमारी संवेदनाएं और गहरी सहानुभूति उन परिवारों के साथ हैं जो इससे प्रभावित हुए हैं।
सीएम साय ने घटना को पीड़ादायक बताया
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सक्ती जिले में सिंघीतराई स्थित ’वेदांता पावर प्लांट’ में बॉयलर फटने से हुई भीषण दुर्घटना की सूचना अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। इस दुर्घटना में कुछ श्रमिकों के निधन और घायल होने का समाचार अत्यंत व्यथित करने वाला है। मेरी गहरी संवेदनाएँ शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें। जिला प्रशासन मौके पर मौजूद है, राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है। घायलों के बेहतर उपचार हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि इस दुर्घटना में घायल सभी व्यक्तियों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो। घटना की गहन और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी। इसमें जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पीएम का मृतक के परिवार को 2 लाख एवं घायलों को 50 हजार देने का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यमसे कहा कि छत्तीसगढ़ के सक्ति जिले में एक पावर प्लांट में हुआ हादसा दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। लोकल एडमिनिस्ट्रेशन प्रभावित लोगों की मदद कर रहा है। प्रधानमंत्री ने पीएमएनआरएफ से हर मृतक के परिवार को 2 लाख रुपये की एक्स-ग्रेसिया देने तथा घायलों को 50,000 रुपये देने की घोषणा की।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join









