चक्रवात असानी गंभीर चक्रवाती तूफान में बदला, आंध्र प्रदेश, ओडिसा और पश्चिम बंगाल में तेज वर्षा की आशंका

भीषण चक्रवाती तूफान असानी दक्षिणी बंगाल की खाडी के पश्चिम मध्‍यवर्ती और आस-पास के क्षेत्र से पश्चिम-उत्‍तर-पश्चिम की ओर मुड़ गया।

भीषण चक्रवाती तूफान असानी दक्षिणी बंगाल की खाडी के पश्चिम मध्‍यवर्ती और आस-पास के क्षेत्र से पश्चिम-उत्‍तर-पश्चिम की ओर मुड़ गया। अगले 48 घंटों में इसके और कमजोर पड़ने तथा चक्रवाती तूफान में परिवर्तित हो जाने की आशंका है।

बंगाल की खाड़ी में उठे भीषण समुद्री तूफान असानी के कारण एक सौ 20 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चल रही हैं। तूफान आज दोपहर 25 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से आंध्र प्रदेश और ओडिसा की ओर बढ़ रहा था, लेकिन इसके अगले दो दिनों में धीरे-धीरे कमजोर पड़ जाने का अनुमान है।

इसके प्रभाव से पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र में कल से लेकर शुक्रवार तक सामान्‍य वर्षा होने की आशंका है। तटवर्ती जिलों, पूर्वी मेदनीपुर, दक्षिण-24 परगाना और उत्‍तर 24 परगाना में तेज वर्षा होने का अनुमान है। प्रशासन ने इन जिलों में तूफान बचाव शेल्‍टरों, स्‍कूलों और अन्‍य भवनों में खाद्य सामग्री तथा अन्‍य बचाव सामग्री की समुचित व्‍यवस्‍था की है।

सभी तटवर्ती क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। मछुआरों को सलाह दी गई है कि वे पूर्वी-मध्‍य और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी तथा अंडमान सागर में न जाएं। समुद्री तूफान को देखते हुए कोलकाता नगर निगम ने अपने सभी कर्मचारियों और आपदा प्रबंधन टीमों को सतर्क कर दिया है।

राज्‍य कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे धान की पकी फसल की कटाई और गहाई के बाद उसे गोदामों में भंडारित करें। किसानों को सब्जियों और तिलहन की फसलों की रक्षा करने की भी सलाह दी गई है, ताकि एकत्र जल की शीघ्र निकासी की जा सके। उनसे कहा गया है कि वे मौसम पूर्वानुमानों की अद्यतन जानकारी रखें और उसी के अनुसार फसलों की संरक्षा करें।

समुद्री तूफान असानी उत्‍तरी आंध्र प्रदेश-ओडिसा तट से निरंतर पश्चिम-उत्‍तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने कहा है कि तूफान आंध्र प्रदेश या ओडिसा में नहीं पहुंचेगा, फिर भी असानी के कल तट के करीब आने के कारण ओडिसा के तटवर्ती जिलों में तेज वर्षा होने की आशंका है।

सोशल मीडिया पर अपडेट्स के लिए Facebook (https://www.facebook.com/industrialpunch) एवं Twitter (https://twitter.com/IndustrialPunchपर Follow करें …

  • Website Designing