झारखण्ड में पूर्वी सिंहभूम जिले के अंतर्गत घाटशिला स्थित हिन्दुस्तान कॉपर लिमिटेड (HCL) के इंडियन कॉपर कॉम्प्लेक्स में केन्दाडीह खदान के पुनः संचालन का शुभारंभ हुआ। इस दौरान मुसाबनी कंसेंट्रेटर प्लांट के विस्तार (0.4 MTPA से 0.9 MTPA) परियोजना का विधिवत शिलान्यास भी किया गया।
दोनों कार्यक्रम केन्द्रीय कोयला एवं खान राज्यमंत्री सतीश चन्द्र दुबे (MoS for Coal & Mines Satish Chandra Dubey) के मुख्य अभ्यागत में संपन्न हुए।
इस मौके पर सतीश चन्द्र दुबे ने कहा कि यह केवल एक औद्योगिक परियोजना नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। केन्दाडीह खदान का पुनः संचालन और कंसेंट्रेटर प्लांट की क्षमता वृद्धि देश की तांबा उत्पादन क्षमता को सुदृढ़ करने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर सृजित करेगी तथा क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति प्रदान करेगी।
उनहोंने हिन्दुस्तान कॉपर लिमिटेड के अधिकारियों, अभियंताओं, कर्मियों एवं सभी हितधारकों को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई दी और कहा कि उनके समर्पण, परिश्रम और दूरदर्शी प्रयासों के परिणामस्वरूप यह परियोजना आज साकार हो रही है।
केन्द्रीय कोयला एवं खान राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से अग्रसर है। खनन एवं खनिज क्षेत्र के सशक्तीकरण के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा मिल रही है। कार्यक्रम में हिन्दुस्तान कॉपर लिमिटेड के सीएमडी संजय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति रही।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join









