रायपुर। क्या छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री की कुर्सी टीएस सिंहदेव को मिलने जा रही है? मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के नई दिल्ली रवाना होते ही इस तरह की अटकलें शुरू हो गई हैं।

नई दिल्ली में राहुल गांधी के साथ भूपेश बघेल और श्री सिंहदेव की बैठक चल रही है। इस बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल और छत्तीसगढ़ के प्रभारी व राज्यसभा सदस्य पीएल पुनिया भी मौजूद हैं।

बताया जा रहा है कांग्रेस हाईकमान पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री को बदलने का दबाव बनाया जा रहा है। हालांकि, पार्टी आलाकमान ने अब तक सीएम बदलने के कोई संकेत नहीं दिए हैं।

दरअसल कांग्रेस के छत्तीसगढ़ की सत्ता पर आने के बाद से ही यह चर्चा रही है कि मुख्यमंत्री का पद ढाई- ढाई साल के लिए होगा। यानी ढाई साल भूपेश बघेल और ढाई साल टीएस सिंहदेव। इस साल जून में भूपेश बघेल के कार्यकाल के ढाई साल पूरे हो चुके हैं। यहां बताना होगा कि कांग्रेस ने कभी नहीं कहा कि ढाई- ढाई साल का कोई फार्मूला तय हुआ है।

इसी बीच बघेल और सिंहदेव में खींचतान की खबरें भी आती रहीं। हाल ही बघेल गुट और सिंहदेव गुट के बीच मतभेद उस वक्त और बढ़ गया जब कांग्रेस विधायक बृहस्पति सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव पर आरोप लगाया था कि वह उनकी हत्या करवाकर मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं। विधायक बृहस्पति सिंह के बयान को लेकर टीएस सिंहदेव विधानसभा छोड़कर चले गए थे। इसे बाद कांग्रेस के प्रभारी सहित अन्य नेता उन्हें मनाने में जुट गए थे। बृहस्पति सिंह को मुख्यमंत्री बघेल का करीबी माना जाता है।

इधर, सिंहदेव के समर्थकों का कहना है कि ढाई-ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री को लेकर सहमति बनी थी और ऐसे में अब सिंहदेव को मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए। श्री सिंहदेव का भी दावा है कि उनसे वादा किया गया था कि बघेल के आधे कार्यकाल के बाद उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जाएगा।

सिंहदेव से जुड़े करीबी सूत्रों का कहना है अगर उन्हें छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री नहीं बनाया गया तो वह सरकार छोड़ देंगे और शायद कांग्रेस भी। उन्होंने कहा कि सिंहदेव “भाजपा में शामिल नहीं होंगे“, लेकिन अब बघेल के नेतृत्व में काम नहीं कर सकते हैं। हालांकि खुले तौर पर यह नहीं कहा जा रहा है।

नई दिल्ली रवाना होने से पहले भूपेश बघेल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘राहुल गांधी जी ने बैठक बुलाई है. वेणुगोपाल जी के साथ बैठक है और प्रभारी भी मौजूद रहेंगे।’’ यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें और सिंहदेव को बैठक के लिए एक साथ बुलाया गया है तो मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह राहुल जी के ऊपर है कि जिसको भी बुलाएं। मुझे तो यही सूचना मिली है कि राहुल जी के साथ बैठक है।’’

बहरहाल बैठक के बाद स्थिति स्पष्ट होगी कि क्या वाकई मुख्यमंत्री बदलने पर कोई चर्चा हुई है।

सोशल मीडिया पर अपडेट्स के लिए Facebook (https://www.facebook.com/industrialpunch) एवं Twitter (https://twitter.com/IndustrialPunchपर Follow करें …

 

  • Website Designing