खैरागढ़ उपचुनाव : भूपेश बघेल के लिए चुनौती, चार राज्यों में जीत से भाजपा जोश में

भारत निर्वाचन आयोग ने चार राज्यों के पांच विधानसभा क्षेत्रों के लिए उपचुनाव का ऐलान कर दिया है। इसमें छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ विधानसभा सीट भी शामिल है। यहां 12 अप्रेल को मतदान होगा और 16 अप्रेल का मतगणना।

रायपुर, 12 मार्च (IP News Election Desk) : भारत निर्वाचन आयोग ने चार विधानसभा सीटों एवं एक लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव का ऐलान कर दिया है। इसमें छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ विधानसभा सीट भी शामिल है। यहां 12 अप्रेल को मतदान होगा और 16 अप्रेल का मतगणना।

इसे भी पढ़ें : चार राज्यों की 5 विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव का ऐलान

खैरागढ़ विधानसभा सीट बीते साल नवम्बर में विधायक देवव्रत सिंह के निधन से रिक्त हुई थी। 2018 के चुनाव में देवव्रत सिंह ने खैरागढ़ का चुनाव अजीत जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ की टिकट से जीता था। उन्हें 61 हजार 516 मत मिले थे। इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी गिरवर जंघेल को तीसरा स्थान मिला था। 60 हजार 646 मतों के साथ दूसरे नम्बर पर भाजपा के कोमल जंघेल थे।

कांग्रेस के राज्य की सत्ता में आने के बाद तीन उपचुनाव हुए हैं। 2019 में चित्रकोट एवं दंतेवाड़ के उपचुनाव में कांग्रेस को जीत मिली थी। अजीत जोगी के निधन से रिक्त हुई मरवाही सीट के लिए हुए उपचुनाव में भी कांग्रेस काबिज हो गई थी। मरवाही के उपचुनाव के दौरान खैरागढ़ से जेसीसी विधायक देवव्रत सिंह ने कांग्रेस को समर्थन किया था।

इसे भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ के कोरबा में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने कार को मारी जोरदार टक्क्टर, 3 की मौत

खैरागढ़ का उपचुनाव भूपेश सरकार के लिए एक चुनौती होगी। उत्तरप्रदेश सहित चार राज्यों में भाजपा की जोरदार वापसी हुई है। इन राज्यों के परिणाम ने भाजपाइयों में जोश भर दिया है। राज्य में भाजपा धीरे- धीरे आक्रामक होते जा रही है। 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी कोमल जंघेल की महज 870 वोटों के अंतर से हार हुई थी।

भूपेश बघेल के लिए खैरागढ़ को जीतना इसलिए जरूरी होगा क्योंकि अगले साल राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं। सत्ता में होने की वजह से कांग्रेस को उपचुनाव में लाभ मिल सकता है। भाजपा की भी कोशिश इस उपचुनाव को किसी भी स्थिति में जीतने की होगी।

इसे भी पढ़ें : वित्त मंत्री ने कहा- भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था वर्ष 2030 तक 8 सौ अरब डॉलर तक पहुंचने की उम्‍मीद

बहरहाल देखना होगा कि कांग्रेस, भाजपा दोनों दल उपचुनाव में नए प्रत्याशी उतारते हैं या फिर 2018 के उम्मीदवारों पर ही भरोसा किया जाएगा। 17 मार्च से उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नामांकन दाखिले की अंतिम तारीख 24 मार्च निश्चित की गई है।

सोशल मीडिया पर अपडेट्स के लिए Facebook (https://www.facebook.com/industrialpunch) एवं Twitter (https://twitter.com/IndustrialPunchपर Follow करें …

 

  • Website Designing