नई दिल्ली, 19 अक्टूबर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे आज पार्टी के नए अध्यक्ष चुने गए हैं। उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर को हरा दिया है। पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने नई दिल्ली में परिणामों की घोषणा करते हुए कहा कि श्री खड़गे को सात हजार आठ सौ 97 वोट मिले जबकि शशि थरूर को एक हजार 72 वोट मिले।

कांग्रेस के नए अध्यक्ष के चुनाव के लिए दो दिन पहले मतदान हुआ था। श्री खड़गे 24 वर्षों में पहले कांग्रेस अध्यक्ष होंगे जो नेहरू-गांधी परिवार से ताल्लुक नहीं रखते हैं।

कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीजेपी पर जमकर हमला बोलते हुए कहा है कि फासिस्ट ताकतों से हमें लड़ना है नहीं तो देश तानाशाही की भेंट चढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि हमें सांप्रदायिकता की आड़ में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमला करने वाली और लोकतंत्र को खत्म करने वाली फांसीवादी ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ना होगा।

कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव परिणाम आने के बाद प्रेस को संबोधित करते हुए मल्लिकाजुर्न खड़गे ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली में बैठी केंद्र की सरकार सिर्फ बात ही करती है, काम बिल्कुल नहीं करती। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार पर थोथा चना बाजे घना का मुहावरा फिट बैठता है।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम सभी को पार्टी के कार्यकर्ताओं की तरह काम करना है, पार्टी में कोई भी बड़ा या छोटा नहीं होता है। मैं अपने साथी शशि थरूर को भी बधाई देना चाहता हूं। मैं उनसे मिला और चर्चा की कि पार्टी को कैसे आगे बढ़ाया जाए। मैं सभी पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से सोनिया गांधी को धन्यवाद देना चाहता हूं। उनके नेतृत्व में हमने केंद्र में दो बार अपनी सरकार बनाई।

सोशल मीडिया पर अपडेट्स के लिए Facebook (https://www.facebook.com/industrialpunch) एवं Twitter (https://twitter.com/IndustrialPunchपर Follow करें …

  • Website Designing