सिंगरौली | IndustrialPunch : कोयला मंत्रालय के मार्गदर्शन में Coal India Limited द्वारा चलाए गए राष्ट्रव्यापी वृहद् वृक्षारोपण अभियान के तहत नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) ने मंगलवार को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक पहल करते हुए एक ही दिन में 3 लाख से अधिक पौधों का रोपण किया। यह अभियान हरित भविष्य, जैव विविधता संरक्षण और सतत खनन के प्रति कंपनी की मजबूत प्रतिबद्धता का प्रतीक माना जा रहा है।
120 हेक्टेयर में फैला मेगा प्लांटेशन ड्राइव
एनसीएल का यह वृहद् अभियान कंपनी की सभी 10 उत्पादन इकाइयों के लीज क्षेत्रों के साथ-साथ लीज क्षेत्र से बाहर स्थित वन क्षेत्रों में भी संचालित किया गया। लगभग 120 हेक्टेयर क्षेत्र में चलाए गए इस अभियान के दौरान स्थानीय जलवायु और पारिस्थितिकी के अनुरूप विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
स्थानीय प्रजातियों को मिला बढ़ावा
अभियान में अर्जुन, पीपल, महुआ, शीशम, हल्दू, करोंदा, आँवला, नीम, इमली, जामुन, आम, अमरूद, अमलतास, लेमन ग्रास, पलाश, गुलमोहर, टेकोमा, बेर, शहतूत, चिरायता, सेमल, सतावर और बकैन सहित अनेक स्थानीय एवं पर्यावरण अनुकूल पौधों का रोपण किया गया।
950 से अधिक लोगों की सहभागिता
इस हरित अभियान में परिधीय क्षेत्रों के ग्रामीणों, स्थानीय समुदायों और एनसीएल कर्मियों सहित 950 से अधिक लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सामुदायिक सहभागिता के साथ चलाया गया यह अभियान पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को मिला बल
एनसीएल का यह अभियान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ पहल के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य प्रकृति संरक्षण, जलवायु संतुलन और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित विरासत का निर्माण करना है।
सतत खनन के साथ पर्यावरण संरक्षण पर जोर
एनसीएल ने कहा कि कंपनी कोयला उत्पादन के साथ-साथ सतत खनन (Sustainable Mining) और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का लगातार निर्वहन कर रही है। वृक्षारोपण जैसे अभियान इसी दिशा में कंपनी की दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा हैं।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join
IndustrialPunch | The Voice of Industry & Workforce









