जमशेदपुर । IndustrialPunch : टाटा स्टील (Tata Steel) के कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कर्मचारियों के वार्षिक बोनस को लेकर प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन के बीच समझौता हो गया है। समझौते के तहत कंपनी के पात्र कर्मचारियों को कुल 315 करोड़ रुपये बोनस के रूप में दिए जाएंगे। इस वर्ष का बोनस पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 11.88 करोड़ रुपये अधिक है।
बोनस समझौते के दौरान कर्मचारियों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई। इस अवसर पर आरसीएमयू (RCMU) एवं इंडियन नेशनल माइंस वर्कर्स फेडरेशन (INTUC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा बेरमो विधायक कुमार जयमंगल (अनूप सिंह) की भी महत्वपूर्ण उपस्थिति रही।
समझौते पर टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी टीवी नरेंद्रन, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी ‘टुन्नु’ सहित प्रबंधन और यूनियन के अन्य प्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर किए।
पिछले साल से 11.88 करोड़ रुपये अधिक
वित्तीय वर्ष 2024-25 में टाटा स्टील कर्मचारियों को कुल 303.12 करोड़ रुपये बोनस के रूप में मिले थे। इस वर्ष निर्धारित फार्मूले के आधार पर बोनस की गणना 314.53 करोड़ रुपये हुई, जिसे बढ़ाकर 315 करोड़ रुपये कर दिया गया है। इस समझौते से कंपनी की विभिन्न इकाइयों में कार्यरत कुल 25,603 कर्मचारी बोनस के दायरे में आएंगे।
जमशेदपुर के 11,021 कर्मचारियों को 163.85 करोड़ रुपये
समझौते के अनुसार जमशेदपुर की इकाइयों, जिसमें ट्यूब्स भी शामिल है, के 11,021 कर्मचारियों के बीच 163.85 करोड़ रुपये बोनस के रूप में वितरित किए जाएंगे। इन कर्मचारियों को औसतन 1,48,675 रुपये बोनस मिलेगा।
पुराने वेतनमान वाले कर्मचारियों के लिए वास्तविक उपस्थिति के आधार पर अधिकतम बोनस 4,52,512 रुपये तक होगा। वहीं, एनएस ग्रेड कर्मचारियों को अधिकतम 1,28,448 रुपये और पूर्ण उपस्थिति की स्थिति में न्यूनतम 39,016 रुपये बोनस मिलेगा।
उत्पादन, मुनाफा और सुरक्षा के आधार पर तय हुआ बोनस
बोनस की राशि कंपनी के शुद्ध लाभ, बिक्री योग्य इस्पात उत्पादन, लाभप्रदता, उत्पादकता और सुरक्षा जैसे मानकों के आधार पर तय की गई है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में भारत में टाटा स्टील के परिचालन से असाधारण मदों के समायोजन के बाद शुद्ध लाभ 11,035.24 करोड़ रुपये रहा। इसी अवधि में बिक्री योग्य इस्पात का उत्पादन 1.611 करोड़ टन और कच्चे इस्पात का उत्पादन 1.726 करोड़ टन दर्ज किया गया।
कंपनी की उत्पादकता 674.2 टन कच्चा इस्पात प्रति कर्मचारी प्रतिवर्ष रही, जबकि सुरक्षा सूचकांक 0.39 LTIFR दर्ज किया गया।
खदानों और कोलियरियों के कर्मचारियों को भी मिलेगा लाभ
बोनस समझौते का लाभ जमशेदपुर के अलावा टिनप्लेट, तार कंपनी, कलिंगानगर, टिस्को ग्रोथ शॉप, खदानों और कोलियरियों समेत टाटा स्टील की अन्य इकाइयों में कार्यरत पात्र कर्मचारियों को भी मिलेगा।
बोनस समझौता होने के बाद कर्मचारियों के बीच खुशी का माहौल है। कर्मचारियों और यूनियन प्रतिनिधियों ने इसे कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण समझौता बताया है।
- Join the IndustrialPunch WhatsApp Group:Click here
- industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join









