नागपुर | IndustrialPunch : वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) में कार्यरत महिला कर्मचारियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप कार्य एवं पदस्थापना देने की मांग को लेकर कोयला श्रमिक सभा (HMS) के केंद्रीय अध्यक्ष एवं कोल इंडिया मानकीकरण समिति के सदस्य शिवकुमार यादव ने WCL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हेमंत शरद पांडे से मुलाकात कर इस विषय को प्रमुखता से उठाया।
शिवकुमार यादव ने बताया कि विभिन्न कंपनी दौरों और हाल ही में 16 जुलाई को नागपुर में आयोजित महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम के दौरान महिला कर्मचारियों से संवाद में यह सामने आया कि कई उच्च शिक्षित महिला कर्मचारी, विशेषकर खुली खदानों में कार्यरत महिलाएं, अपनी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप कार्य न मिलने के कारण भारी-भरकम कार्यों, जैसे ब्लास्टिंग सामग्री एवं बारूद की पेटियों के परिवहन, में लगी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि इससे न केवल महिलाओं की शिक्षा का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है, बल्कि उनके मनोबल पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। इसलिए कंपनी को महिला सशक्तिकरण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए महिला कर्मचारियों को उनकी योग्यता और शिक्षा के अनुरूप जिम्मेदारियां सौंपनी चाहिए।
CMD ने दिया सकारात्मक आश्वासन
शिवकुमार यादव के अनुसार, WCL के CMD हेमंत शरद पांडे ने इस मांग को सकारात्मक और महत्वपूर्ण बताते हुए आश्वासन दिया कि मामले पर गंभीरता से विचार किया जाएगा तथा शीघ्र आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर प्रक्रिया को मूर्त रूप देने का प्रयास किया जाएगा।
यदि यह पहल लागू होती है, तो WCL में महिला कर्मचारियों की कार्यक्षमता, मनोबल और कौशल का बेहतर उपयोग सुनिश्चित हो सकेगा।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join
IndustrialPunch | The Voice of Industry & Workforce









