शहडोल | IndustrialPunch : महिला सशक्तिकरण और कोयला उद्योग में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एसईसीएल (SECL) ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सोहागपुर क्षेत्र में 25 जुलाई 2026 को ‘धरा शक्ति’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया। इस पहल का उद्देश्य सामान्य सहायक श्रेणी-1 में कार्यरत 10वीं एवं उससे अधिक शैक्षणिक योग्यता रखने वाली महिला कर्मचारियों को तकनीकी एवं परिचालन कार्यों के लिए प्रोत्साहित करना है।
इसे भी पढ़ें: Coal India के निवेशकों की नजरें 27 जुलाई की बोर्ड बैठक पर, हो सकता है अंतरिम लाभांश का ऐलान
यह कार्यक्रम एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन की दूरदर्शी सोच एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर द्वारा गठित समिति के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम में समिति की अध्यक्षा एवं महाप्रबंधक (एचआर/आईआर/एनईई) श्रीमती सुजाता रानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर श्री मनीष कुमार श्रीवास्तव, प्रभारी महाप्रबंधक, सोहागपुर क्षेत्र, कंपनी स्तर के श्रमसंघ प्रतिनिधियों तथा मुख्यालय एवं क्षेत्रीय अधिकारियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में सोहागपुर क्षेत्र की लगभग 95 महिला कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संवादात्मक सत्र के दौरान महिला कर्मचारियों की शैक्षणिक योग्यता, रुचि तथा तकनीकी एवं परिचालन कार्यों में उनकी संभावित भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही उन्हें सुरक्षित कार्य संस्कृति, कौशल विकास, तकनीकी प्रशिक्षण तथा कंपनी द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे अवसरों की जानकारी भी दी गई।
महिला कर्मचारियों ने तकनीकी एवं परिचालन क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर भविष्य में सक्रिय भूमिका निभाने की इच्छा जताई। उन्होंने ‘धरा शक्ति’ कार्यक्रम को अपने व्यावसायिक विकास, आत्मनिर्भरता और करियर उन्नति की दिशा में एक प्रभावी एवं प्रेरणादायी पहल बताया।
इसे भी पढ़ें: ‘प्रोजेक्ट संदीप’ के लिए WCL को मिला CSR एवं फिलैंथ्रोपी अवार्ड 2026
एसईसीएल का यह प्रयास कोयला उद्योग में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें तकनीकी जिम्मेदारियों के लिए सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join
IndustrialPunch | The Voice of Industry & Workforce









