धनबाद, 9 जून। झारखंड के धनबाद में शुक्रवार को बंद पड़े कोयला खदान 4 ए पेच में अवैध खनन के दौरान चाल धंस गई और इसमें दबकर तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 10 साल का लड़का भी शामिल है। घटना भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के झरिया स्थित भौंरा माइंस में सुबह साढ़े 10 बजे की है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस इलाके में सैकड़ों की संख्या में लोग अवैध रूप से कोयला निकालते हैं। आज जब कोयला निकालने का काम चल रहा था, तो अचानक जोरदार आवाज के साथ चाल धंसा और कई लोग इसमें दब गए। आसपास मौजूद लोगों ने 3 लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इधर, धनबाद के पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि बीसीसीएल में खदान ढहने की सूचना मिली है। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अभी कितने लोग अंदर दबे हैं, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है।

  • Website Designing