मनेन्द्रगढ़/हसदेव | IndustrialPunch : एसईसीएल (SECL) हसदेव क्षेत्र में कोयला मजदूर पंचायत (हिंद मजदूर सभा एवं हिंद खदान मजदूर फेडरेशन से संबद्ध) ने संगठन विस्तार का दावा करते हुए कहा है कि सैकड़ों श्रमिक संगठन की सदस्यता में शामिल हुए हैं।
इसे भी पढ़ें: 8वें वेतन आयोग की बड़ी पहल, कर्मचारी संगठनों से 7 और 10 अगस्त को होगी सीधी बातचीत
संगठन के अनुसार, यह सदस्यता अभियान कोल इंडिया सेफ्टी बोर्ड के सदस्य एवं हिंद खदान मजदूर फेडरेशन के उप महामंत्री अख्तर जावेद उस्मानी के नेतृत्व में चलाया गया। इस दौरान सत्यदेव सिंह और सुशील पाण्डेय भी मौजूद रहे।
300 कर्मचारियों के शामिल होने का दावा

वेस्ट झगराखंड कोलियरी के मंगल भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कॉमरेड सत्यदेव सिंह ने की। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में करीब 300 कर्मचारियों, जिनमें 27 महिला कर्मचारी भी शामिल थीं, ने भाग लिया। बैठक के दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने कोयला मजदूर पंचायत की सदस्यता ग्रहण कर संगठन के प्रति विश्वास व्यक्त किया।
कोयला श्रमिक सभा की कार्यप्रणाली पर लगाए आरोप
बैठक में वक्ताओं ने कोयला श्रमिक सभा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए संगठन में कथित परिवारवाद, भाई-भतीजावाद, तानाशाही और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए।
वक्ताओं ने दावा किया कि पिछले दो वर्षों में मजदूरों के चंदे की राशि का दुरुपयोग हुआ तथा ट्रेड यूनियन की राशि कुछ निजी कंपनियों और कुछ व्यक्तियों को ऋण के रूप में दी गई। उन्होंने यह भी कहा कि इन मामलों से संबंधित दस्तावेज कथित रूप से रजिस्ट्रार ट्रेड यूनियन को भेजे जा चुके हैं और पूर्व केंद्रीय सचिव अमलेन्दु कुमार विश्वास द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों के बाद यह मामला सामने आया।
इसे भी पढ़ें: HMS की बड़ी पहल: महिला कर्मचारियों की योग्यता के अनुसार पदस्थापना की मांग
अन्य क्षेत्रों में भी बढ़ रहा संगठन का आधार
संगठन के पदाधिकारियों ने दावा किया कि गेवरा, दीपका, हसदेव, रायगढ़ और कुसमुंडा क्षेत्रों के कर्मचारी भी बड़ी संख्या में कोयला मजदूर पंचायत से जुड़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में संगठन का विस्तार और तेज होगा।
बैठक में विवेक सिंह चौहान, पंकज सिंह, पंकज गौतम, रामप्रीत कुशवाहा, अशोक कुमार, दुर्गेश सिंह, भानु घोष, अरविंद पाटले सहित अनेक पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join
IndustrialPunch | The Voice of Industry & Workforce









