नई दिल्ली (IP News). भारत सरकार के नीति आयोग के अंतर्गत पंजीकृत भारत गौरव अवार्ड फाउंडेशन द्वारा आज आल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के महामंत्री शिवगोपाल मिश्रा को समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए “लाइफ टाइम एचीवमेंट” अवार्ड से सम्मानित किया गया। महामंत्री ने सम्मान प्राप्त करने के बाद इसे भारतीय रेल के 13 लाख कर्मचारियों को समर्पित करते हुए कहा कि इस सम्मान के पीछे सबसे बड़ी ताकत रेल कर्मचारियों की है। उनके बिना न फेडरेशन है और न ही महामंत्री। रेलवे बोर्ड में ओएसडी के पद पर कार्यरत बीपी चैधरी को सरकारी सेवा में उल्लेखनीय कार्य के लिए “भारत गौरव” सम्मान से नवाजा गया।

दिल्ली के एक पांच सितारा होटल में आयोजित एक भव्य समारोह में ये सम्मान दिए गए। महामंत्री शिवगोपाल मिश्रा ने सम्मान हासिल करने के बाद कहा कि चाहे आल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन हो या फिर नार्दर्न रेलवे मेंस यूनियन, इन दोनों के पीछे कर्मचारियों की ताकत सबसे महत्वपूर्ण है। उनकी ताकत की वजह से ही फैडरेशन की बात सुनी जाती है और हम सब उसी ताकत के बल पर कर्मचारी हितों की लड़ाई लड़ने में कामयाब होते हैं। उन्होंने अवार्ड को कर्मचारियों को समर्पित करते हुए कहाकि सच्चाई ये है कि हम तो नेतृत्व करते है। मगर असल काम जमीन पर लड़ना तो रेल कर्मचारी ही करते हैं। इसलिए इस अवार्ड के सही मायने में हकदार रेल के कर्मचारी ही हैं।

भारत गौरव अवार्ड फाउंडेशन द्वारा प्रतिवर्ष भारत गौरव पुरस्कार सम्मान समारोह का आयोजन किया जाता है। जिसमें समाज सेवा, शिक्षा, खेल, सामाजिक न्याय, चिकित्सा, पुलिस सेवा, सरकारी सेवा, औद्योगिक क्षेत्र, पर्यटन, विज्ञान और तकनीक, पत्रकारिता, महिला सशक्तिकरण, कला एवं संस्कृति समेत कई अन्य क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाता है।

  • Website Designing