रायपुर, 16 अप्रेल। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए हुए उपचुनाव की मतगणना की तस्वीर लगभग साफ हो गई है। कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा जीत की ओर है। यशोदा को करीब 10 हजार मतों की बढ़त मिली हुई है।
चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार दोपहर 12 बजे तक की मतगणना में कांग्रेस उम्मीदवार यशोदा वर्मा को 30 हजार 50 वोट मिल चुके थे। भाजपा प्रत्याशी के खाते में 20 हजार 159 मत पड़े थे। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के नरेन्द्र सोनी को महज 362 वोट ही मिले हैं।
खैरागढ़ विधानसभा सीट बीते साल नवम्बर में विधायक देवव्रत सिंह के निधन से रिक्त हुई थी। 2018 के चुनाव में देवव्रत सिंह ने खैरागढ़ का चुनाव अजीत जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ की टिकट से जीता था। उन्हें 61 हजार 516 मत मिले थे। इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी गिरवर जंघेल को तीसरा स्थान मिला था। 60 हजार 646 मतों के साथ दूसरे नम्बर पर भाजपा के कोमल जंघेल थे।
कांग्रेस के राज्य की सत्ता में आने के बाद तीन उपचुनाव हुए हैं। 2019 में चित्रकोट एवं दंतेवाड़ के उपचुनाव में कांग्रेस को जीत मिली थी। अजीत जोगी के निधन से रिक्त हुई मरवाही सीट के लिए हुए उपचुनाव में भी कांग्रेस काबिज हो गई थी। मरवाही के उपचुनाव के दौरान खैरागढ़ से जेसीसी विधायक देवव्रत सिंह ने कांग्रेस को समर्थन किया था।
सोशल मीडिया पर अपडेट्स के लिए Facebook (https://www.facebook.com/industrialpunch) एवं Twitter (https://twitter.com/IndustrialPunch) पर Follow करें …








