उपचुनाव : प. बंगाल की चारों सीटों पर टीएमसी को 75 % वोट मिले, भाजपा को 14.50 % वोट ही पड़े, कांग्रेस को नोटा से भी कम मत

सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए न केवल चारों सीटों पर जीत हासिल की है, बल्कि 75 प्रतिशत मत भी प्राप्त किए हैं।

  • IP News Election Desk 

14 राज्यों के 29 विधानसभा क्षेत्रों के लिए हुए उपचुनाव में भाजपा का प्रदर्शन बेहतर नहीं रहा है। पश्चिम बंगाल में पार्टी धराशायी हुई है। यहां चार सीटों के लिए उपचुनाव में पार्टी को 14.50 फीसदी ही वोट मिले हैं। भाजपा चारों सीटों पर दूसरे नम्बर पर रही है। जबकि सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए न केवल चारों सीटों पर जीत हासिल की है, बल्कि 75 प्रतिशत मत भी प्राप्त किए हैं।

राज्य की गोसाबा, खरदाहा, दिनहाटा, शांतिपुर विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव हुए थे। टीएमसी उम्मीदवारों ने भाजपा उम्मीदवारों को बड़े अंतर से पराजित किया है। आंकड़े बताते हैं कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी का खेला चला है।

दिनहाटा विधानसभा

इस सीट से टीएमसी प्रत्याशी उदायन गुहा ने भाजपा के अशोक मंडल को एक लाख 34 हजार 89 वोटों के बड़े अंतर से हराया। गुहा को 84.15 प्रतिशत मत हासिल किए। जबकि मंडल को 11.31 फीसदी वोट ही मिले।

गोसाबा विधानसभा

टीएमसी को दूसरी बड़ी जीत गोसाबा सीट पर मिली है। पार्टी के प्रत्याशी सुब्रत मंडल ने भाजपा के पलाश राना को एक लाख 43 हजार 51 वोटों के अंतर से पराजित किया। भाजपा के खाते में 9.95 प्रतिशत वोट ही पड़े।

खरदाहा विधानसभा

इस सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार सोभनदेब चट्टोपाध्याय ने 73.59 फीसदी मत प्राप्त करते हुए भाजपा के प्रत्याशी को 93 हजार 832 वोटों के अंतर से पटखनी दी। भाजपा उम्मीदवार जाय साहा को 13.07 प्रतिशत वोट मिले।

शांतिपुर विधानसभा

शांतिनगर सीट पर टीएमसी के बीके गोस्वामी 54.89 प्रतिशत वोट हासिल कर भाजपा के निरंजन बिश्वास को 64 हजार 675 मतों से हराया। इसी सीट पर भाजपा को सर्वाधिक 23.22 प्रतिशत वोट मिले।

सीपीएम तीसरे नम्बर पर, कांग्रेस को नोटा से भी कम वोट

उपचुनाव में चारों सीटों पर सीपीएम को 7.28 प्रतिशत वोट मिले हैं। सबसे खराब स्थिति कांग्रेस की रही है। कांग्रेस के खाते में महज 0.37 फीसदी ही वोट पड़े। नोटा को कांग्रेस से ज्यादा 1.07 प्रतिशत मत मिल हैं।

सोशल मीडिया पर अपडेट्स के लिए Facebook (https://www.facebook.com/industrialpunch) एवं Twitter (https://twitter.com/IndustrialPunchपर Follow करें …

 

  • Website Designing