कोरबा | IndustrialPunch : साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के चेयरमैन-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) हरीश दुहन ने सोमवार को कुसमुंडा क्षेत्र का दौरा कर खनन संचालन, उत्पादन तैयारियों और मानसून प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उत्पादन लक्ष्य हर हाल में पूरे हों, लेकिन सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें: SECL में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, खनन विभाग के 8 अधिकारियों के तबादले
दौरे के दौरान कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल भी CMD के साथ जुड़े। अधिकारियों ने संयुक्त रूप से भूमि अधिग्रहण (Land Acquisition) एवं पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (R&R) से जुड़े मामलों की समीक्षा की।
तीनों मेगा प्रोजेक्ट की हुई समीक्षा
CMD ने कुसमुंडा, गेवरा और दीपका मेगा प्रोजेक्ट के एरिया महाप्रबंधकों के साथ बैठक कर भूमि अधिग्रहण एवं R&R कार्यों की प्रगति का आकलन किया।
इसके बाद उन्होंने खमरिया R&R साइट तथा 14 नंबर डंप का निरीक्षण किया, जहां खोदरी, पाली और जतराज गांवों से विस्थापित होने वाले परिवारों के पुनर्वास की तैयारियां चल रही हैं।
मानसून में भी उत्पादन नहीं रुकेगा
हरीश दुहन ने नीलकंठ A एवं B माइनिंग पैच का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोल एक्सपोजर (Coal Exposure) में तेजी लाई जाए, ताकि मानसून के दौरान भी उत्पादन की गति प्रभावित न हो।
विभागीय माइनिंग पैच की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि उत्पादन लक्ष्य समय पर पूरे किए जाएं, लेकिन सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। सभी सुरक्षा मानकों एवं प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसे भी पढ़ें: रेलवे के अफसरों ने WCL का कोयला खुले बाजार में बेच दिया, CBI ने शुरू की जांच
नई HEMM तैनाती में देरी नहीं होगी
दौरे के अंतिम चरण में CMD ने KNR–SIML (JV) के तहत होने वाली HEMM (Heavy Earth Moving Machinery) मोबिलाइजेशन तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि नव स्वीकृत कार्यों की शुरुआत निर्धारित समयसीमा में सुनिश्चित की जाए, ताकि उत्पादन क्षमता में समय पर बढ़ोतरी हो सके।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join
IndustrialPunch | The Voice of Industry & Workforce







