बिलासपुर, 05 जून। एसईसीएल मुख्यालय प्रशासनिक भवन प्रांगण में विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीएमडी डॉ. प्रेम सागर मिश्रा ने मुख्य सतर्कता अधिकारी बीपी शर्मा, निदेशक तकनीकी (योजना/परियोजना) एसके पाल, विभिन्न विभागाध्यक्षों, अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति में पर्यावरण ध्वज फहराया उपरांत कोल इण्डिया कॉरपोरेट गीत बजाया गया।

अपने संबोधन में सीएमडी डॉ. प्रेम सागर मिश्रा ने कहा कि सत्त धारणीय रूप से कोयले का खनन हमारे संचालन का अभिन्न अंग है। वसुंधरा को एक बेहतर कल के लिए संवरित करने हेतु हम प्रतिबद्ध हैं। हमारा प्रत्येक खनिक दृढ़ मनोबल लेकर प्रकृति को संरक्षित एवं सवंर्धित करने के लिए कृत संकल्पित हैं। यह हमारे उन जीवन मूल्यों के अनुसार ही है जैसा हमारे वेद शास्त्रों में उल्लेखित है – रक्षये प्रकृति पांतुलोकाः – हे धरा के वासियों! प्रकृति की रक्षा करो। इस अवसर पर सीएमडी ने प्रतिज्ञा भी दिलाई।

मुख्य सतर्कता अधिकारी बीपी शर्मा ने कहा कि विश्व स्तर पर पर्यावरण प्रदूषण बढ़ रहा है। विकास के साथ ही हमें पर्यावरण संरक्षण व संवर्धन की दिशा में भी कार्य करना चाहिए। पर्यावरण के प्रति अपने अधिकारों के साथ ही साथ हमें अपने कर्तव्यां का भी ध्यान रखना चाहिए।

निदेशक तकनीकी (योजना/परियोजना) एसके पाल ने कहा देश की मांग अनुसार हम कोयला उत्पादन करते हैं, साथ ही हमारी जिम्मेदारी यह भी है कि हम प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए पौधों का रोपण व उनका संवर्धन करें। हमें अपनी प्रकृति की रक्षा करनी चाहिए। हमारी आने वाले पीढ़ी को स्वच्छ, सुरक्षित पर्यावरण देने की जिम्मेदारी हमारी है। जीवन को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पर्यावरण संरक्षण अत्यावश्यक है, इस दिशा में प्रत्येक व्यक्ति को पुरजोर प्रयास करना चाहिए।

कार्यक्रम के प्रांरभ में महाप्रबंधक (पर्यावरण) एके बापट ने उपस्थितों का स्वागत करते हुए कोल इण्डिया चेयरमेन पीके अग्रवाल के संदेश का पठन करते एसईसीएल द्वारा पर्यावरण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के संबंध में विस्तृत प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर ’’सतत विकास पर्यावरण के साथ’’ ब्रोसर का विमोचन मंचस्थ अतिथियों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की अगली कड़ी में मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों तथा अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा औषधीय व फलदार पौधों का रोपण नेहरू शताब्दी स्थित गांधी उद्यान में किया गया।

कार्यक्रम में उद्घोषणा का दायित्व डॉ. सनीष चन्द्र जनसंपर्क अधिकारी ने निभाया। धन्यवाद ज्ञापित प्रबंधक (पर्यावरण) एसआर त्रिपाठी ने दिया।

सोशल मीडिया पर अपडेट्स के लिए Facebook (https://www.facebook.com/industrialpunch) एवं Twitter (https://twitter.com/IndustrialPunchपर Follow करें …

  • Website Designing